1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. देश के इन 10 राज्यों में आज भारी बारिश की चेतावनी, तेज हवाओं के साथ पड़ सकते हैं ओले

देश के इन 10 राज्यों में आज भारी बारिश की चेतावनी, तेज हवाओं के साथ पड़ सकते हैं ओले

 Published : Feb 27, 2025 06:52 am IST,  Updated : Feb 27, 2025 09:08 am IST

दिल्ली, हरियाणा और यूपी समेत देश के कई राज्यों में आज बारिश की संभावना है। जम्मू-कश्मीर में बर्फबारी हो सकती है। मुंबई और गोवा में गर्मी का असर देखा जा सकता है।

आज का मौसम- India TV Hindi
आज का मौसम Image Source : PTI

नई दिल्लीः देश के कई राज्यों में मौसम का मिजाज बदल गया है। जम्मू-कश्मीर और हिमाचल प्रदेश में जहां ताजा बर्फबारी हुई है वहीं, कुछ राज्यों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिली हैं। उधर, महाराष्ट्र और गोवा में गर्मी ने असर दिखाना शुरू कर दिया है। 

इन राज्यों में बारिश के साथ बर्फबारी का अलर्ट

मौसम विभाग के अनुसार,  अगले 24 घंटे के दौरान जम्मू-कश्मीर-लद्दाख-गिलगित-बाल्टिस्तान-मुजफ्फराबाद, हिमाचल प्रदेश और उत्तराखंड में अलग-अलग स्थानों पर भारी वर्षा व बर्फबारी की संभावना है। 27 फरवरी से 1 मार्च के दौरान उत्तर प्रदेश, राजस्थान में गरज और बिजली के साथ हल्की से मध्यम बारिश स्तर की बारिश हो सकती है। 27 और 28 फरवरी को पंजाब और हरियाणा में तेज़ हवाएं (30-40 किमी प्रति घंटे की गति) चलने की संभावना है।  

बर्फबारी का आनंद लेते सैलानी
Image Source : PTIबर्फबारी का आनंद लेते सैलानी

यहां पर हल्की से मध्यम बारिश की संभावना

मौसम विभाग ने बताया कि 28 फरवरी को पंजाब में अलग-अलग स्थानों पर भारी बारिश की संभावना है। 27 और 28 फरवरी को पंजाब और हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर ओलावृष्टि की भी संभावना है। इन राज्यों के अलावा 27 फरवरी यानी आज से दो मार्च तक तमिलनाडु, पुडुचेरी, कराईकल, केरल और माहे में गरज के साथ बारिश हो सकती है।   

देश में अगले 24 घंटे कैसा रहेगा तापमान

मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार, अगले 2 दिनों के दौरान उत्तर-पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि और उसके बाद 2-4 डिग्री सेल्सियस की गिरावट की संभावना है। अगले 4-5 दिनों के दौरान भारत के बाकी हिस्सों में न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव की संभावना नहीं है। अगले 2 दिनों के दौरान गुजरात राज्य में अधिकतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव होने की संभावना नहीं है और उसके बाद 2-3 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक वृद्धि होने की संभावना है।

इन जगहों पर पड़ेगी गर्मी 

अगले 24 घंटे के दौरान गुजरात, मुंबई समेत महाराष्ट्र के कई जिले और गोवा में गर्मी का सितम देखा जा सकता है। 28 फरवरी तक इन राज्यों में मौसम गर्म रहेगा और लोगों को गर्मी से परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। 

दिल्ली में बढ़ी गर्मी, आज बारिश का अलर्ट

दिल्ली में बुधवार को इस मौसम का अब तक का सबसे अधिक तापमान दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने बताया कि दिल्ली में इस वर्ष फरवरी में अधिकतम तापमान 32 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया और यह 27 फरवरी 2023 को दर्ज किए गए अधिकतम तापमान के जितना है। जबकि फरवरी 2024 में अधिकतम तापमान इससे थोड़ा कम 29.7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग ने दिल्ली में बृहस्पतिवार को आंधी-तूफान के साथ बारिश की संभावना जताई है और अधिकतम और न्यूनतम तापमान क्रमश: 26 और 18 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।  

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत