1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आज का मौसमः होली से पहले फिर लौटेगी ठंड? इन राज्यों में बढ़ने लगा तापमान, जानें आज कहां होगी बारिश

आज का मौसमः होली से पहले फिर लौटेगी ठंड? इन राज्यों में बढ़ने लगा तापमान, जानें आज कहां होगी बारिश

 Published : Feb 08, 2025 07:29 am IST,  Updated : Feb 08, 2025 07:37 am IST

देश के कई राज्यों में कड़ाके की सर्दी से लोगों को राहत मिली है। हालांकि पूर्वोत्तर भारत के कुछ राज्यों में बारिश की संभावना है। तमिलनाडु में भी आज बारिश का अलर्ट है।

आज का मौसम- India TV Hindi
आज का मौसम Image Source : FREEPIK

नई दिल्लीः देश के ज्यादातर राज्यों में ठंड अब सिर्फ सुबह और शाम की रह गई है। हालांकि हिमाचल प्रदेश समेत कुछ राज्यों में अभी भी कड़ाके की सर्दी पड़ रही है। दिल्ली-एनसीआर में दोपहर में अच्छी धूप देखने को मिल रही है। हालांकि, सुबह-शाम ठंड अभी भी बरकरार है। दिल्ली-एनसीआर में18 किमी प्रति घंटे की रफ्तार से उत्तर-पश्चिम दिशा की हवा चल रही है। 

कई राज्यों में धीरे-धीरे बढ़ रहा तापमान

मौसम विभाग के अनुसार, अगले 3 दिनों के दौरान उत्तर पश्चिम भारत में न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3 डिग्री सेल्सियस की वृद्धि होने की संभावना है। अगले 2 दिनों के दौरान मध्य भारत में न्यूनतम तापमान में लगभग 2-3℃ की गिरावट हो सकती है। मौसम विभाग ने बताया कि पूर्वी भारत में अगले 3 दिनों तक न्यूनतम तापमान में कोई महत्वपूर्ण बदलाव नहीं होने की संभावना है। महाराष्ट्र में अगले 24 घंटों के बाद न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे 2-3℃ की वृद्धि होने की संभावना है। 

यहां पर आज बारिश की संभावना

 
मौसम विभाग का कहना है कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ 10 फरवरी से पश्चिमी क्षेत्र को प्रभावित कर सकता है। 8 से 11 फरवरी तक तटीय तमिलनाडु में हल्की बारिश की चेतावनी जारी की गई है। आईएमडी के मुताबिक असम और अरुणाचल प्रदेश के कुछ हिस्सों में बारिश देखने को मिल सकती है। मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक होली से पहले हल्की सर्दी लौटने की उम्मीद है। 

इन राज्यों में अभी भी पड़ रही है ठंड

मौसम विभाग की तरफ से दी गई जानकारी के अनुसार,  यूपी, राजस्थान, मध्य प्रदेश, हरियाणा, पंजाब में ठंड अभी भी पड़ रही है। पूर्वी यूपी और बिहार में सुबह-शाम ठंड पड़ रही है। पिछले 24 घंटे के दौरान देश के मैदानी इलाकों में फ़तेहपुर (राजस्थान) में सबसे कम न्यूनतम तापमान 2.1°C दर्ज किया गया है। पूर्वी राजस्थान, पूर्वी उत्तर प्रदेश, मध्य में कुछ स्थानों पर सामान्य से नीचे न्यूनतम तापमान है। 

राजस्थान के भीड़वाड़ा में 6.2, चूरू में 5.6, मध्य प्रदेश के राजगढ़ में 6.6, नाहन हरियाणा में 7.1, पटियाला पंजाब में 7.6 न्यूनतम तापमान दर्ज किया गया। पंजाब, हरियाणा, मध्य प्रदेश, यूपी और राजस्थान में ज्यादातर जगहों पर न्यूनतम तापमान 10 डिग्री के आसपास दर्ज किया जा रहा है। 

बता दें कि उत्तरी ठंडी हवाओं के कारण राजस्थान के कुछ हिस्सों में न्यूनतम तापमान में गिरावट दर्ज की गई है। आईएमडी के जयपुर केंद्र के प्रभारी राधेश्याम शर्मा ने बताया कि शेखावाटी क्षेत्र के फतेहपुर में बीती रात न्यूनतम तापमान सबसे कम 2.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। उन्होंने बताया कि राज्य में आगामी दिनों में शीतलहर की संभावना नहीं है और आगामी 48 घंटों में न्यूनतम व अधिकतम तापमान दो से तीन डिग्री सेल्सियस बढ़ सकता है।  

 

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत