1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आज का मौसमः दिल्ली से केरल तक बरसेंगे बादल, 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; इन राज्यों में ओलावृष्टि का अलर्ट

आज का मौसमः दिल्ली से केरल तक बरसेंगे बादल, 60 किमी की रफ्तार से चलेंगी हवाएं; इन राज्यों में ओलावृष्टि का अलर्ट

 Written By: Mangal Yadav @MangalyYadav
 Published : Jun 05, 2026 07:55 am IST,  Updated : Jun 05, 2026 08:19 am IST

मौसम विभाग ने अगले 24 घंटे के दौरान देश के कई हिस्सों में व्यापक बारिश की संभावना जताई है, जिसमें दक्षिणी और पूर्वोत्तर राज्यों में विशेष रूप से भारी बारिश होने की उम्मीद है। मौसम विभाग ने कई क्षेत्रों में आंधी-तूफ़ान और तेज़ हवाओं की स्थिति के प्रति भी चेतावनी जारी की है।

बारिश के दौरान जाते हुए लोग- India TV Hindi
बारिश के दौरान जाते हुए लोग Image Source : PTI

नई दिल्लीः भारत में मानसून प्रवेश कर चुका है और इस सप्ताह दिल्ली से लेकर केरल समेत कई राज्यों में बारिश की गतिविधियां देखने को मिल सकती हैं। मानसून केरल, लक्षद्वीप और कर्नाटक व तमिलनाडु के कुछ हिस्सों में पहुंच चुका है। जल्द ही यह गोवा, महाराष्ट्र, आंध्र प्रदेश और पूर्वोत्तर के कुछ हिस्सों को भी अपनी चपेट में ले लेगा। मौसम विभाग का अनुमान है कि केरल, तटीय कर्नाटक और लक्षद्वीप में बारिश होगी।  

वहीं, पूर्वोत्तर में भी मौसम का मिज़ाज बदलने वाला है। अरुणाचल प्रदेश, असम, मेघालय, नागालैंड, मणिपुर, मिज़ोरम और त्रिपुरा जैसे राज्यों में अच्छी बारिश की उम्मीद है। अरुणाचल प्रदेश, असम और मेघालय के कुछ हिस्सों में कई दिनों तक भारी बारिश होने की संभावना है। उप-हिमालयी पश्चिम बंगाल और सिक्किम में भी पूरे हफ़्ते बारिश होती रहेगी। 

बारिश के साथ यहां पर पड़ेंगे ओले

उत्तराखंड में 5 जून को ज़बरदस्त बारिश होने के आसार हैं। साथ ही, मौसम विभाग ने उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और पश्चिमी हिमालय के कुछ हिस्सों में ओलावृष्टि की भविष्यवाणी की है। उत्तर भारत के लोगों को आंधी-तूफ़ान और तेज़ हवाओं का भी सामना करना पड़ सकता है। दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, राजस्थान, उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश और छत्तीसगढ़ में बिजली कड़कने और आंधी-तूफान आने की संभावना है। कुछ इलाकों में हवा की रफ़्तार 60 किमी/घंटा तक हो सकती है। 5 जून को पूर्वी मध्य प्रदेश, पश्चिमी मध्य प्रदेश में और छत्तीसगढ़ में 50-60 किमी की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। कुछ जगहों पर 70 की रफ्तार से भी हवाएं चल सकती हैं। 

दिल्ली में आज कैसा रहेगा मौसम

दिल्ली-एनसीआर में शुक्रवार को भी आसमान में बादल छाए रहेंगे और सुबह से दोपहर के बीच हल्की बारिश के साथ-साथ बिजली कड़कने और तेज़ हवाएं चलने की संभावना है। हवा की गति 40–50 किमी/घंटा तक पहुंचने की उम्मीद है। कुछ जगहों पर 60 किमी/घंटा की स्पीड से आंधी चल सकती है।

यहां पर पड़ेगी गर्मी

मौसम विभाग के अनुसार, बिहार में 6 से 8 जून तक लू (heat wave) चलने की संभावना है और उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में भी 7 जून से ऐसी ही गर्मी पड़ेगी। यह वह समय है जब कुछ इलाकों में मानसून आ जाता है, लेकिन दूसरी जगहों पर गर्मी का असर बना रहता है। मौसम विभाग की रिपोर्ट के मुताबिक, ओडिशा में छिटपुट बारिश के बावजूद गर्मी और उमस बनी रहेगी। तटीय आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु और कुछ पूर्वोत्तर राज्यों के कुछ हिस्सों में भी ऐसे ही हालात रहेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत