Highlights
- जम्मू-कश्मीर में सुरक्षाबलों को मिली बड़ी कामयाबी
- लश्कर के खूंखार पाकिस्तानी आतंकी सलीम पारे समेत 2 को किया ढेर
- मुठभेड़ में मारे गए दूसरे आतंकवादी की पहचान पाकिस्तान के हाफिज उर्फ हमजा के रूप में हुई है
श्रीनगर: श्रीनगर के बाहरी इलाके हरवान में सुरक्षाबलों के साथ दो अलग-अलग मुठभेड़ में प्रतिबंधित आतंकी संगठन लश्कर ए तैयबा (LeT) के कुख्यात और वांछित आतंकी सलीम पारे समेत 2 आतंकवादी मारे गए। पुलिस ने इसकी जानकारी दी। कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया, ‘‘प्रतिबंधित आतंकवादी संगठन लश्कर ए तैयबा के कुख्यात आतंकवादी सलीम पारे को श्रीनगर पुलिस ने मुठभेड़ में मार गिराया।’’
आईजीपी कश्मीर ने बताया कि श्रीनगर मुठभेड़ में मारे गए दूसरे आतंकवादी की पहचान पाकिस्तान के हाफिज उर्फ हमजा के रूप में हुई है। वह बांदीपोरा में 2 पुलिसकर्मियों की हत्या में शामिल था और इस आतंकी घटना के बाद वह श्रीनगर के हरवान इलाके में स्थानांतरित हो गया था। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पास के गासू गांव में सुरक्षा बलों एवं आतंकवादियों के बीच मुठभेड़ हो गयी।
कश्मीर जोन के पुलिस महानिरीक्षक विजय कुमार ने बताया कि श्रीनगर पुलिस को आज दिन में इनपुट मिला कि शालीमार बाग में लश्कर ए तैयबा का कमांडर सलीम पारे जो 2016 से एक्टिव है और उसका विदेशी आतंकवादी साथी घूम रहे हैं। श्रीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और गोलीबारी शुरू हुई जिसमें सलीम पारे मारा गया। आतंकियों के पास से हथियार और गोला-बारूद सहित अन्य सामग्री बरामद की गई है साथ ही सर्च अभियान जारी है।
सेना ने जम्मू-कश्मीर के पुंछ में एलओसी पर घुसपैठ की कोशिश नाकाम की
जम्मू-कश्मीर के पुंछ जिले में नियंत्रण रेखा (एलओसी) पर सोमवार तड़के आतंकवादियों की घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया गया। अधिकारियों ने यहां यह जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बिम्बर गली सेक्टर के हमीरपुर इलाके की सुरक्षा कर रहे जवानों को संदिग्ध आतंकवादियों के एक समूह की गतिविधियों का अहसास हुआ, जो अंधेरे की आड़ में सीमा पार से इस तरफ घुसपैठ करने की कोशिश कर रहे थे। सतर्क सैनिकों ने आंतकवादियों के समूह को चुनौती देकर घुसपैठ की कोशिश को नाकाम कर दिया। घुसपैठ में विफल आतंकवादी पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में वापस भाग गए। अधिकारियों ने कहा कि घुसपैठ-रोधी अवरोधक प्रणाली का हिस्सा ‘बारूदी सुरंग’ में भी इस दौरान विस्फोट हो गया। उन्होंने बताया कि तलाशी अभियान जारी है।