1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Jammu Kashmir News: जम्मू कश्मीर में ग्रेनेड विस्फोट से सेना के कैप्टन और जेसीओ की मौत, दुर्घटनावश हुआ ब्लास्ट

Jammu Kashmir News: जम्मू कश्मीर में ग्रेनेड विस्फोट से सेना के कैप्टन और जेसीओ की मौत, दुर्घटनावश हुआ ब्लास्ट

 Edited By: Deepak Vyas
 Published : Jul 18, 2022 11:08 am IST,  Updated : Jul 18, 2022 11:08 am IST

Jammu Kashmir News: ग्रेनेड ब्लास्ट की घटना पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में हुई है। जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त सुरक्षाबल नियंत्रण रेखा पर अपनी ड्यूटी कर रहे थे।

Jammu kashmir News- India TV Hindi
Jammu kashmir News Image Source : PTI

Highlights

  • ग्रेनेड ब्लास्ट की घटना पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में हुई
  • हादसे के वक्त सुरक्षाबल नियंत्रण रेखा पर अपनी ड्यूटी कर रहे थे
  • ब्लास्ट की घटना दुर्घटनावश हुई

Jammu Kashmir News: जम्मू-कश्मीर में एक बार फिर ग्रेनेड विस्फोट हुआ है। बताया जा रहा है कि यह विस्फोट दुर्घटनावश हुआ है। ग्रेनेड ब्लास्ट की घटना पुंछ जिले के मेंढर सेक्टर में हुई है। जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त सुरक्षाबल नियंत्रण रेखा पर अपनी ड्यूटी कर रहे थे। जम्मू के डिफेंस पीआरओ के अनुसार ग्रेनेड विस्फोट के कारण कई जवान घायल हो गए हैं। जबकि इलाज के दौरान सेना के कैप्टन और एक जेसीओ ने दम तोड़ दिया है।

इसी बीच जम्मू कश्मीर में आंतकवादी अपनी साजिशों को अंजाम देने से बाज़ नहीं आ रहे हैं। आतंकी आए दिन भारतीय सुरक्षाबलों को निशाना बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इससे पहले, रविवार को पुलवामा जिले से आंतकी हमले की घटना सामने आई थी, जिसमें केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के एक अधिकारी शहीद हो गए। पुलिस के एक प्रवक्ता ने बताया था कि दोपहर करीब 2:15 बजे आतंकवादियों ने पुलवामा के गंगू चौराहा इलाके में पुलिस और सीआरपीएफ की संयुक्त चौकी पर गोलीबारी की थी। उन्होंने बताया कि इस आतंकी घटना में सीआरपीएफ के सहायक उप निरीक्षक (ASI) विनोद कुमार गंभीर रूप से घायल हो गए और उन्हें तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां उन्होंने दम तोड़ दिया।

अवंतीपोरा में हुई मुठभेड़ में सुरक्षाबलों को बड़ी कामयाबी मिली थी

हाल ही में  जम्मू कश्मीर के पुलवामा (Pulwama) जिले के अवंतीपोरा में आतंकियों और सुरक्षाबलों के बीच मुठभेड़ हुई थी। वडकपोरा इलाके में हुई इस मुठभेड़ में 2 आतंकी मारे गए थे। मारे गए आतंकियों में जैश ए मोहम्मद का कुख्यात आतंकवादी कैसर कोका भी मारा गया था। इस दौरान पुलिस ने 1 यूएसए निर्मित राइफल (एम -4 कार्बाइन), 1 पिस्तौल और अन्य आपत्तिजनक सामग्री समेत हथियार और गोला-बारूद बरामद किया था।

दरअसल सुरक्षाबलों को ये जानकारी मिली थी कि इलाके में आतंकी छिपे हुए हैं। इसके बाद इस इलाके की घेराबंदी की गई और सर्च ऑपरेशन चलाया गया। सुरक्षाबलों की आहट सुनकर आतंकियों (terrorist) ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसके बाद दोनों तरफ से फायरिंग होने लगी। जवानों ने आतंकियों को मुंहतोड़ जवाब दिया और 2 आतंकियों को ढेर कर दिया। 

घाटी में आतंकी कर रहे युवाओं की भर्ती

आतंकी संगठनों ने बीते 4 सालों में जम्मू कश्मीर में 700 युवाओं की भर्ती की है। वहीं 141 आतंकी यहां एक्टिव हैं, जिनमें ज्यादातर विदेशी हैं। जम्मू कश्मीर में बड़ी संख्या में आतंकियों को घुसपैठ के लिए तैयार किया जा रहा है। केंद्रीय गृह मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, 5 जुलाई 2022 तक जम्मू कश्मीर में कुल 82 विदेशी आतंकी और 59 लोकल आतंकी एक्टिव थे। इनमें ज्यादातर आतंकी लश्कर ए तैयबा, द रेजिस्टेंस फ्रंट, जैश ए मोहम्मद और हिजबुल मुजाहिदीन से जुड़े हैं।

किस साल में कितनी भर्ती

आतंकी संगठनों ने 4 सालों में जम्मू कश्मीर में 700 लोकल लड़कों की भर्ती की। इसमें 2018 में 187, 2019 में 121, 2020 में 181 और 2021 में 142 लड़कों की भर्ती की गई। वहीं जून के आखिर तक इस साल 69 युवाओं की भर्ती की जा चुकी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत