स्कूलों में छात्रों की पिटाई की कई खबरें सामने आती रहती हैं। हालांकि, कई बार ये पिटाई इतनी भयानक हो जाती है कि छात्रों के मन में हमेशा के लिए खौफ भर जाता है। कुछ ऐसा ही मामला आया है केरल के कासरगोड जिले से। यहां एक प्रधानाध्यापक यानी कि प्रिंसिपल ने छात्र को पीटा और उसके कान का पर्दा तक फाड़ दिया। अब पुलिस ने इस मामले में प्रधानाध्यापक के खिलाफ केस दर्ज कर लिया है।
कब और कहां हुई घटना?
जानकारी के मुताबिक, पीड़ित छात्र 16 साल का है और कक्षा 10वीं में पढ़ाई करता है। पुलिस की ओर से दी गई जानकारी के मुताबिक, ये घटना बीते 11 अगस्त को दमकुझी स्थित सरकारी उच्चतर माध्यमिक स्कूल में हुई है। पुलिस के मुताबिक, पीड़ित की शिकायत और बयान के आधार पर मामला दर्ज किया गया है। बताया गया है कि मामले की जांच की जा रही है।
प्रिंसिपल ने छात्र को क्यों पीटा?
पुलिस ने बताया है कि 16 वर्षीय छात्र प्रार्थना सभा के दौरान कंकड़ से खेलते दिखा था। इसके बाद प्रिंसिपल ने छात्र को आगे बुलाया और कॉलर पकड़कर थप्पड़ मारा। इस कारण छात्र के कान का पर्दा फट गया। छात्र के कान में तेज दर्द होने लगा जिसके बाद उसे सरकारी हॉस्पिटल ले जाया गया। यहां चोट की पुष्टि होने के बाद उसे प्राइवेट अस्पताल में भर्ती करवाया गया।
इन धाराओं में केस दर्ज
इस पूरे मामले में में स्कूल के प्रिंसिपल के खिलाफ BNS की धारा 126(2) (ग़लत तरीके से रोकना), 115(2) (जानबूझकर चोट पहुंचाना) और किशोर न्याय अधिनियम की धारा 75 (बच्चे के साथ क्रूरता) का तहत केस दर्ज किया गया है। केरल राज्य बाल अधिकार संरक्षण आयोग की लोग बच्चे और उसके परिवार से मिले हैं और जांच शुरू कर दी है। वहीं, राज्य के सामान्य शिक्षा मंत्री वी शिवनकुट्टी ने भी मामले की जांच कर रिपोर्ट सौंपने का निर्देश दिया है। (इनपुट: भाषा)
ये भी पढ़ें- नदी पार करते समय डूब गईं 73 भैंसें, घटना से पूरे गांव में मच गया हड़कंप, किया जा रहा शवों का पोस्टमार्टम
हिमाचल प्रदेशः कुल्लू के लगघाटी में बादल फटने से तबाही, बह गए कई घर और कारें; देखें वीडियो