1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ‘देश के जवान भाई, मुझे माफ कर दो’, ‘We are Gen Z’ कहने वाली पर्यटक ने सेना से मांगी माफी

‘देश के जवान भाई, मुझे माफ कर दो’, ‘We are Gen Z’ कहने वाली पर्यटक ने सेना से मांगी माफी

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Aug 20, 2026 11:39 pm IST,  Updated : Aug 20, 2026 11:39 pm IST

लद्दाख के मिनिमर्ग चेकपोस्ट पर सुरक्षा कर्मियों से बहस करने वाली पर्यटक ने अपने व्यवहार पर पछतावा जताते हुए भारतीय सेना के जवानों से माफी मांगी है। वायरल वीडियो में वह खुद को ‘Gen Z’ बताते हुए ट्रैफिक रोकने पर नाराज हुई थी।

Ladakh Tourist Army Controversy, Gen Z Tourist Apology, Indian Army Ladakh Viral Video- India TV Hindi
लद्दाख में सुरक्षा कर्मियों से बहस करने वाली पर्यटक ने सेना के जवानों से माफी मांगी है। Image Source : X/@DESIESCO7

Highlights

  • ‘We are Gen Z’ कहकर जवानों से बहस करने वाली पर्यटक ने अब सेना से माफी मांगी है।
  • महिला ने कहा, गुस्से और निराशा में कुछ भी बोल दिया, जवानों से छोटी बहन समझकर माफ करने की अपील की।
  • वायरल वीडियो के बाद उमर अब्दुल्ला और अन्य ने उसके व्यवहार पर सवाल उठाए थे।

नई दिल्ली: लद्दाख में एक चेकपोस्ट पर सुरक्षा कर्मियों से बहस करने वाली पर्यटक ने अब भारतीय सेना के जवानों से माफी मांगी है। कुछ दिन पहले उसका एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुआ था। वीडियो में वह ट्रैफिक रोके जाने को लेकर सुरक्षा कर्मियों से बहस करती और खुद को ‘Gen Z’ बताते हुए कहती नजर आई थी। NDTV की रिपोर्ट के मुताबिक, महिला ने अपने व्यवहार पर अफसोस जताया और सीधे सेना के जवानों से माफी मांगी। उसने कहा, 'कृपया मेरे देश के जवान भाई, मुझे माफ कर दो।' महिला ने कहा कि चेकपोस्ट पर जो कुछ हुआ, वह उसकी गलती थी और उसे इसका पछतावा है।

‘आपकी वजह से हम सुरक्षित सोते हैं’

माफी मांगते हुए पर्यटक ने भारतीय सेना के जवानों की भूमिका की भी तारीफ की। उसने कहा कि सेना के जवान देश की सीमाओं पर तैनात रहते हैं, ताकि देश के लोग सुरक्षित रहें और चैन से सो सकें। उसने कहा,

'हम लोग निराशा और गुस्से में आकर कुछ भी बोल देते हैं, लेकिन आप हमें कभी कुछ नहीं कहते।'

महिला ने भारतीय सेना और जम्मू-कश्मीर सेना से भी माफी मांगी। उसने जवानों से कहा कि वे उसे 'अपनी छोटी बहन समझकर माफ कर दें।' उसका कहना है कि उसे अपनी गलती का एहसास काफी जल्दी हो गया था।

आखिर क्या था ये पूरा विवाद?

यह मामला लद्दाख के मिनिमर्ग चेकपोस्ट का है। वायरल हुए वीडियो में पर्यटक कई घंटे तक ट्रैफिक रोके जाने को लेकर नाराज दिखाई दे रही थी। वह पूछ रही थी कि पर्यटकों को इतनी देर तक क्यों रोका जा रहा है। वीडियो में महिला ने कहा था, 'हम Gen Z हैं और इस तरह की बकवास बर्दाश्त नहीं करने वाले।' इसके बाद उसने प्रतिबंधों और ट्रैफिक रोके जाने पर सवाल उठाए और दूसरे पर्यटकों से वहां से जाने की अपील भी की। विवाद उस समय और बढ़ गया, जब उसने कथित तौर पर कहा,

'हमारे टैक्स से सबको सैलरी जाती है, ये हमसे ऊपर हो गए अब? जाएंगे तो सारे जाएंगे, वरना कोई नहीं जाएगा।'

इन टिप्पणियों को लेकर सोशल मीडिया पर काफी नाराजगी देखने को मिली। कई लोगों ने उसके जवानों से बात करने के तरीके पर सवाल उठाए।

उमर अब्दुल्ला ने जताई थी नाराजगी

इस विवाद पर जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला और कई पूर्व सैन्य अधिकारियों ने भी प्रतिक्रिया दी थी। उमर अब्दुल्ला ने ‘Gen Z’ शब्द के बार-बार इस्तेमाल पर तंज कसा था। उन्होंने कहा था कि यह रवैया अब पुराने 'जानते नहीं हो मेरे बाप कौन हैं' वाले अंदाज जैसा होता जा रहा है। हालांकि अब पर्यटक ने साफ तौर पर कहा है कि उसे अपने व्यवहार पर पछतावा है और उसने जवानों से उसे छोटी बहन समझकर माफ करने की अपील की है।

ये भी पढ़ें: यूपी में गो संरक्षण अभियान से जुड़ेंगे Gen Z, तैयार किए जाएंगे 10 हजार गो मित्र

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत