1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. दुनियाभर के नेताओं ने नेहरू से आगे निकलने पर पीएम मोदी को दी बधाई, इस मौके पर 3 मुख्य बातें आईं सामने

दुनियाभर के नेताओं ने नेहरू से आगे निकलने पर पीएम मोदी को दी बधाई, इस मौके पर 3 मुख्य बातें आईं सामने

 Reported By: Devendra Parashar, Edited By: Dhyanendra Chauhan
 Published : Jun 10, 2026 02:42 pm IST,  Updated : Jun 10, 2026 02:55 pm IST

पीएम नरेंद्र मोदी ने बुधवार को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए और उन्होंने प्रथम प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू का रिकॉर्ड तोड़ दिया है। इस खास मौके पर वैश्विक नेता पीएम मोदी को बधाई दे रहे हैं।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी- India TV Hindi
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी Image Source : PTI

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लगातार 4,399 दिनों तक पद पर रहने के मामले में दुनियाभर से मिली-जुली प्रतिक्रियाओं में तीन खास बातें उभरकर सामने आई हैं। श्रीलंका के राष्ट्रपति अनुरा कुमारा दिसानायके और नाइजीरिया के राष्ट्रपति बोला टिनुबू जैसे नेताओं ने लोकतांत्रिक वैधता पर जोर दिया और लगातार तीन बार जनादेश मिलने से बनी राजनीतिक स्थिरता का जिक्र किया। पापुआ न्यू गिनी के प्रधानमंत्री जेम्स मारापे ने बड़े पैमाने पर कल्याणकारी शासन की तारीफ की और भारत में गरीबी कम करने के काम को दुनिया के लिए एक मिसाल बताया। 

वैश्विक स्तर पर भारत की बदलती स्थिति

वहीं, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम जैसे नेताओं ने वैश्विक स्तर पर भारत की बदलती स्थिति पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि एक दशक से ज्यादा के लगातार कार्यकाल ने दुनिया के मंच पर भारत की आर्थिक स्थिति और रणनीतिक ताकत को हमेशा के लिए मजबूत किया है।

मेलोनी ने पीएम मोदी को दी खास बधाई

इटली की प्रधानमंत्री जियोर्जिया मेलोनी ने नरेंद्र मोदी को बधाई दी है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पीएम मोदी के साथ फोटो डालते हुए लिखा, 'पीएम मोदी भारत के इतिहास में सबसे लंबे समय तक सेवा देने वाले चुने हुए प्रधानमंत्री बन गए हैं। हाल के हफ्तों में रोम में फिर से मिलना और साथ मिलकर एक स्पेशल स्ट्रेटेजिक पार्टनरशिप शुरू करना खुशी की बात है, जो हमारे देशों और हमारे लोगों के लिए नए मौके बनाने के लिए भविष्य की ओर देखती है।'

राष्ट्रपति मुर्मु ने पीएम मोदी को लिखा पत्र

इस बीच, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री मोदी को भारत के सबसे लंबे समय तक लगातार चुने गए प्रधानमंत्री बनने पर बधाई दी। राष्ट्रपति ने प्रधानमंत्री को लिखे पत्र में कहा, 'यह उपलब्धि उस भरोसे को दिखाती है, जो भारत की जनता ने लगातार चुनावों में आपके नेतृत्व पर जताया है।

राष्ट्रपति मुर्मु नेआगे कहा, 'साधारण शुरुआत से लेकर भारत के सबसे लंबे समय तक चुने गए प्रधानमंत्री बनने तक का सफर भारतीय लोकतंत्र की सबसे प्रेरणादायक खूबी को फिर से साबित करता है।'

जानिए क्या है पीएम मोदी का रिकॉर्ड

बता दें कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 26 मई 2014 को प्रचंड जीत के साथ पीएम का पद संभाला था। 2019 में वह और भी बड़े जनादेश के साथ दोबारा निर्वाचित हुए और उसी साल 30 मई को उनका दूसरा कार्यकाल शुरू हुआ। उनका लगातार तीसरा कार्यकाल 9 जून, 2024 को शुरू हुआ था। इसी के साथ पीएम मोदी भारत के सबसे लंबे समय यानी 4,399 दिनों तक लगातार सेवा करने वाले निर्वाचित प्रधानमंत्री बन गए और उन्होंने जवाहरलाल नेहरू का भी रिकॉर्ड तोड़ दिया।

ये भी पढ़ें: 

राहुल गांधी की फिर बढ़ी मुश्किलें, बोस्टन में भगवान राम को लेकर दिए बयान पर कोर्ट ने निचली अदालत का आदेश किया रद्द

4399वां दिन और PM मोदी ने रच दिया इतिहास, नेहरू का दशकों पुराना रिकॉर्ड हुआ पीछे

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत