1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. जज के नाबालिग बेटे ने मर्सिडीज-बेंज से स्कूटर सवार को मारी टक्कर, मौके पर हुई मौत

जज के नाबालिग बेटे ने मर्सिडीज-बेंज से स्कूटर सवार को मारी टक्कर, मौके पर हुई मौत

 Written By: Amar Deep
 Published : Oct 25, 2026 05:36 pm IST,  Updated : Oct 25, 2026 05:36 pm IST

केरल के कोच्चि में एक जज के नाबालिग बेटे ने स्कूटर सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटर सवार की मौत हो गई। घटना के बाद पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

जज के नाबालिग बेटे ने कार से स्कूटर सवार को मारी टक्कर।- India TV Hindi
जज के नाबालिग बेटे ने कार से स्कूटर सवार को मारी टक्कर। Image Source : ANI

कोच्चि में रविवार तड़के एक मर्सिडीज-बेंज कार ने एक स्कूटर को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटर सवार 54 वर्षीय व्यक्ति की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि कार को एक एडिशनल डिस्ट्रिक्ट जज का 17 वर्षीय बेटा चला रहा था। यह हादसा चेरानेल्लूर के पास तड़के 2 से 3 बजे के बीच हुआ। मृतक की पहचान मंजली के रहने वाले जयाबालकृष्णन के रूप में हुई है।

जज के नाम पर थी गाड़ी

पुलिस के अनुसार, कार ने पीछे से स्कूटर को टक्कर मार दी, जिससे उस व्यक्ति की मौत हो गई। पुलिस ने बताया कि गाड़ी एक जज के नाम पर रजिस्टर्ड है। घटना के बाद किशोर को पुलिस हिरासत में ले लिया है। भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत, लापरवाही से गाड़ी चलाने और लापरवाही के कारण मौत का मामला दर्ज किया गया है। पुलिस की शुरुआती रिपोर्ट के मुताबिक, किशोर ने शराब नहीं पी रखी थी। आगे की जांच के लिए उसके ब्लड सैंपल ले लिए गए हैं।

स्कूटर सवार की मौके पर मौत

मृतक की भतीजी ने पत्रकारों को बताया कि उनके चाचा जीविका चलाने के लिए खाने-पीने का स्टॉल लगाते थे और घर लौटते समय यह हादसा हो गया। उसने दावा किया कि कार बहुत तेज रफ़्तार में रही होगी, क्योंकि उसके चाचा का स्कूटर बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया था और उनके स्कूटर पर रखा सामान दुर्घटनास्थल के आस-पास चारों तरफ बिखरा पड़ा था। उसने कहा, "उनकी मौके पर ही मौत हो गई।"

जज पर बदतमीजी करने का आरोप

महिला ने यह भी आरोप लगाया कि जब उसने पुलिस स्टेशन में जज से पूछा कि उन्होंने अपने नाबालिग बेटे को कार चलाने की इजाज़त क्यों दी, तो जज ने उससे बहुत बदतमीज़ी से बात की। उसने कहा, "हम इस मामले को आगे बढ़ाएंगे, खासकर जज के रवैये को देखते हुए। साथ ही, यह सभी के लिए एक सबक होना चाहिए कि बिना लाइसेंस के कोई भी गाड़ी न चलाए।"

मैसूर में बस और ट्रक की टक्कर में 4 लोगों की मौत

इससे पहले 16 अक्टूबर को तड़के, कर्नाटक के हुंसूर के पास पेरियापटना में एक स्लीपर बस और ट्रक की आमने-सामने की टक्कर हो गई। इस हादसे में कम से कम 4 लोगों की मौत हो गई और 14 अन्य घायल हो गए। यह दुर्घटना तब हुई जब 'कावेरी टूर एंड ट्रैवल्स' की एक AC स्लीपर बस, जो केरल के कोझिकोड से बेंगलुरु जा रही थी और एक ट्रक से टकरा गई। (ANI और PTI से इनपुट के साथ)

यह भी पढ़ें-

जलगांव में RSS के पथ संचलन के दौरान तनाव, मस्जिद के सामने विरोध में बैठे लोग; पुलिस ने किया लाठीचार्ज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।