1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. अरुणाचल प्रदेश में लगी भीषण आग में 50 से अधिक घर और दुकानें जलीं

अरुणाचल प्रदेश में लगी भीषण आग में 50 से अधिक घर और दुकानें जलीं

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Apr 22, 2022 02:55 pm IST,  Updated : Apr 22, 2022 02:55 pm IST

अरुणाचल प्रदेश में अपर सियांग जिले के मुख्यालय यिंगकिओंग में भीषण आग लगने से 50 से अधिक घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठान जलकर राख हो गए। जिससे करोड़ों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। 

अरुणाचल प्रदेश में लगी भीषण आग में 50 से अधिक घर और दुकानें जलीं - India TV Hindi
अरुणाचल प्रदेश में लगी भीषण आग में 50 से अधिक घर और दुकानें जलीं  Image Source : ANI

ईटानगर: अरुणाचल प्रदेश में अपर सियांग जिले के मुख्यालय यिंगकिओंग में भीषण आग लगने से 50 से अधिक घर और व्यावसायिक प्रतिष्ठान जलकर राख हो गए। जिससे करोड़ों रुपये की संपत्ति नष्ट हो गई। तूतिंग-यिंगकिओंग विधानसभा क्षेत्र का प्रतिनिधित्व करने वाले और अरुणाचल प्रदेश के स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री अलो लिबांग ने बताया कि बृहस्पतिवार दोपहर करीब 2.30 बजे यिंगकिओंग के ऊपरी बाजार क्षेत्र में भीषण आग लग गई, जिससे 54 घर और दुकानें जलकर राख हो गईं। 

मंत्री ने कहा कि हालांकि किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है, लेकिन तीन लोग मामूली रूप से झुलस गए। लिबांग ने कहा, 'मौके पर दमकल की गाड़ियां पहुंचीं, आग पर काबू पाने में समय लगा। जिला प्रशासन द्वारा आकलन के मुताबिक करीब चार करोड़ रुपये की संपत्ति का नुकसान हुआ है। कई दुकानदारों ने अपना सारा माल खो दिया, जबकि आग दुर्घटना में लगभग 120 से 175 लोग प्रभावित हुए। हालांकि उपायुक्त ने तत्काल राहत दी लेकिन राज्य सरकार नुकसान की आकलन रिपोर्ट प्राप्त होने पर राहत देगी।'

शुक्रवार को स्थिति का जायजा लेने यिंगकिओंग पहुंचे लिबांग ने कहा कि पीड़ित परिवारों को सरकारी उच्च माध्यमिक विद्यालय, विवेकानंद केंद्र विद्यालय और लड़कियों के आवासीय विद्यालय, लड़कों के हॉस्टल में स्थानांतरित कर दिया गया है। आग के कारणों का पता नहीं चल पाया है, जांच की जा रही है।

यिंगकिओंग मार्केट वेलफेयर कमेटी (वाईएमडब्ल्यूसी) के सचिव तारम लिबांग ने बताया कि कई दुकानों को भारी नुकसान हुआ है। उन्होंने कहा कि दमकल की गाड़ियां समय पर नहीं पहुंच सकीं। स्थानीय लोगों, व्यापारियों, सेना और बीआरओ कर्मियों के संयुक्त प्रयासों से आग पर काबू पाया गया। इनपुट-भाषा 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत