1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पाकिस्तान से वापस आया भारत का BSF जवान पूर्णम कुमार साहू, 20 दिन बाद हुई वापसी

पाकिस्तान से वापस आया भारत का BSF जवान पूर्णम कुमार साहू, 20 दिन बाद हुई वापसी

 Published : May 14, 2025 11:31 am IST,  Updated : May 14, 2025 01:51 pm IST

भारत के BSF जवान पूर्णम कुमार साहू को पाकिस्तान ने रिहा कर दिया है। जानकारी के मुताबिक, जवान की वापसी अमृतसर के अटारी बॉर्डर से हुई है।

BSF जवान पाकिस्तान से रिहा।- India TV Hindi
BSF जवान पाकिस्तान से रिहा। Image Source : ANI

पाकिस्तान से जारी तनाव के बीच भारत को एक और बड़ी कामयाबी मिली है। पाकिस्तान ने भारत के दवाब में सीमा सुरक्षा बल यानी BSF के जवान पूर्णम कुमार साहू को हिरासत से रिहा कर दिया है। बता दें कि जब भारत और पाकिस्तान के बीच पहलगाम आतंकी हमले को लेकर तनाव चरम पर था, उसी दौरान 23 अप्रैल को पूर्णम कुमार साहू को पाकिस्तानी रेंजर्स ने इंटरनेशनल बॉर्डर से हिरासत में ले लिया था। इसके बाद से ही उन्हें वापस लाए जाने की मांग हो रही थी। आज 14 मई को करीब 20 दिन बाद उनकी वापसी हो गई है।

शांतिपूर्ण तरीके से हुआ हस्तांतरण 

बीएसएफ जवान पूर्णम कुमार साहू 23 अप्रैल 2025 से पाकिस्तान रेंजर्स की हिरासत में थे। जानकारी के मुताबिक, आज बुधवार को साहू को संयुक्त चेक पोस्ट अटारी, अमृतसर के माध्यम से लगभग 10.30 बजे भारत को सौंप दिया गया है। BSF के प्रवक्ता ने जानकारी दी है कि भारत और पाकिस्तान के बीच यह हस्तांतरण शांतिपूर्ण तरीके से और स्थापित प्रोटोकॉल के अनुसार किया गया है।

क्या है पूरा मामला?

दरअसल, बीएसएफ कांस्टेबल पूर्णम कुमार साहू पंजाब के फिरोजपुर सेक्टर में तैनात थे। भारत-पाकिस्तान के बीच बढ़ रहे सैन्य तनाव के शुरुआती दिनों में ही 23 अप्रैल को पूर्णम गलती से इंटरनेशनल बॉर्डर को क्रॉस कर गए थे। इसके बाद पाकिस्तानी रेंजर्स ने उन्हें हिरासत में ले लिया था। 

भारत के पास भी एक पाकिस्तानी जवान

भारत के सुरक्षाबलों ने भी बीते 3 मई को राजस्थान में पाकिस्तानी रेंजर्स के एक जवान को पकड़ा था। BSF ने ये गिरफ्तारी श्रीगंगानगर में बॉर्डर के पास की थी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, पाकिस्तानी रेंजर्स का जवान भारत की सीमा में घुसने की कोशिश कर रहा था। तभी BSF के जवानों ने उसे रोका और हिरासत में ले लिया।

ये भी पढ़ें- बड़ी कार्रवाई, चीनी मुखपत्र 'ग्लोबल टाइम्स' का X अकाउंट भारत में किया गया बैन

भारत ने चीन को भेजा सख्त संदेश, कहा- 'अरुणाचल भारत का अभिन्न अंग था, है और रहेगा'

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत