1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. IAF Helicopter Crash: CDS बिपिन रावत सहित अन्यों की मौत पर PM मोदी ने जताया दुख

IAF Helicopter Crash: CDS बिपिन रावत सहित अन्यों की मौत पर PM मोदी ने जताया दुख

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Dec 08, 2021 06:43 pm IST,  Updated : Dec 08, 2021 06:52 pm IST

वायु सेना ने बिपिन रावत की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हुई है, जिनमें बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य लोगों शामिल हैं।

बिपिन रावत सहित...- India TV Hindi
बिपिन रावत सहित अन्यों की मौत पर PM मोदी ने जताया दुख Image Source : PTI

Highlights

  • PM मोदी बोले- "तमिलनाडु में हेलिकॉप्टर दुर्घटना से बहुत दुखी हूं"
  • PM मोदी ने कहा, "मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।"
  • वायु सेना ने भी की रावत की मौत की पुष्टि

नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने तमिलनाडु में वायुसेना के हेलिकॉप्टर क्रैश को लेकर दुख जताया और जान गवाने वाले सभी के परिवारों के प्रति अपने संवेदनाएं व्यक्त कीं। बता दें कि हादसे में चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ (CDS) बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य लोगों सहित कुल 13 की मौत हो गई। यह हादसा तमिलनाडु के कुन्नूर में हुआ।

हादसे पर दुख जताते हुए पीएम मोदी ने ट्वीट किया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने ट्वीट में लिखा, "मैं तमिलनाडु में हेलिकॉप्टर दुर्घटना से बहुत दुखी हूं, जिसमें हमने जनरल बिपिन रावत, उनकी पत्नी और सशस्त्र बलों के अन्य कर्मियों को खो दिया है। उन्होंने पूरी लगन से भारत की सेवा की। मेरी संवेदनाएं शोक संतप्त परिवारों के साथ हैं।"

वायु सेना ने भी की रावत की मौत की पुष्टि

वायु सेना ने बिपिन रावत की मौत की पुष्टि करते हुए कहा कि हादसे में कुल 13 लोगों की मौत हुई है, जिनमें बिपिन रावत, उनकी पत्नी और 11 अन्य लोगों शामिल हैं। वायु सेना ने कहा, "दुर्भाग्यपूर्ण दुर्घटना में जनरल बिपिन रावत, मधुलिका रावत और उसमें सवार 11 अन्य लोगों की मौत हो गई है।"

वायु सेना ने बताया कि ग्रुप कैप्टन वरुण सिंह को चोटें आई हैं, जिनका वेलिंगटन के सैन्य अस्पताल में इलाज जारी है। वायु सेना ने बताया, "बिपिन रावत आज स्टाफ कोर्स के फैकल्टी और छात्र अधिकारियों को संबोधित करने के लिए डिफेंस सर्विसेज स्टाफ कॉलेज, वेलिंगटन (नीलगिरी हिल्स) के दौरे पर थे।"

ऊंटी में लेक्चर लेकर लौट रहे थे रावत

सीडीएस जनरल रावत ऊंटी के वेलिंगटन में आयोजित एक कार्यक्रम में लेक्चर देकर लौट रहे थे। ऊंटी वेंलिगटन में आर्म्ड फोर्सेज का कॉलेज है। ऊंटी से लौटते वक्त ही हेलिकॉप्टर क्रैश हो गया, जिसके बाद हेलिकॉप्टर से आग की लपटें उठने लगी और घटनास्थल पर सबसे पहले स्थानीय लोग पहुंचे। स्थानीय लोगों ने राहत और बचाव का काम शुरू किया। मौके से कई शव बरामद किए जा चुके हैं।

रावत के परिवार से मिले रक्षा मंत्री, PM को किया ब्रीफ

हादसे के बारे में जानकारी मिलने के बाद दिल्ली में हलचल तेज हो गई। एयरफोर्स ने मामले की जांच के आदेश दे दिए हैं। वहीं, दूसरे ओर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह करीब 3.40 मिनट पर CDS बिपिन रावत के परिवार से मिलने उनके दिल्ली स्थित आवास पर पहुंचे और मुलाकात की। इसके अलावा उन्होंने घटना के बारे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को ब्रीफ किया।

पहले भी हुआ था बिपिन रावत का हेलिकॉप्टर क्रैश

छह साल पहले तीन फरवरी 2015 को यह घटना हुई थी। सुबह के 9 से 10 के बीच हादसा हुआ था। हेलिकॉप्‍टर ने नागालैंड के दीमापुर जिले के हेलीपैड से उड़ान भरी थी, जिसमें बिपिन रावत सहित सेना के तीन जवान सवार थे। उड़ान भरकर हेलिकॉप्टर करीब 20 फीट की उंचाई ही हासिल कर पाया था कि उसके इंजन ने काम करना बंद कर दिया और हादसा हो गया। इस हादसे में सवार लोगों को मामूली चोटें आई थीं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत