1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. प्रतिभा पाटिल जन्मदिन विशेष: कॉलेज क्वीन, समाजसेवा, टेबल टेनिस प्लेयर समेत तमाम खूबियों को समेटे हुए हैं देश की पहली महिला राष्ट्रपति, जानें उनके बारे में

प्रतिभा पाटिल जन्मदिन विशेष: कॉलेज क्वीन, समाजसेवा, टेबल टेनिस प्लेयर समेत तमाम खूबियों को समेटे हुए हैं देश की पहली महिला राष्ट्रपति, जानें उनके बारे में

 Written By: Rituraj Tripathi @riturajfbd
 Published : Dec 19, 2022 10:39 am IST,  Updated : Dec 19, 2022 10:39 am IST

देश की पहली महिला राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल को कॉलेज क्वीन का भी खिताब मिला था। दरअसल कॉलेज के समय में वह बेहद खूबसूरत थीं, इसी दौरान उन्हें ये खिताब मिला था। प्रतिभा ने राष्ट्रपति के चुनाव में भैंरोसिंह शेखावत को लगभग 3 लाख वोटों से हरा दिया था।

Pratibha Patil- India TV Hindi
प्रतिभा पाटिल Image Source : FILE

नई दिल्ली: देश की पहली महिला राष्ट्रपति प्रतिभा पाटिल का आज (19 दिसंबर) जन्मदिन है। उनका जन्म महाराष्ट्र के जलगांव जिले में साल 1934 को हुआ था। उनके पिता नारायण राव भी एक राजनेता थे। प्रतिभा शुरुआत से ही बुद्धिमान थीं और उन्होंने अपनी शुरुआती शिक्षा जलगांव से ही पाई थी। उन्होंने मूलजी जैठा कॉलेज से ग्रेजुएशन किया था और फिर मुंबई के गवर्नमेंट लॉ कॉलेज से वकालत की पढ़ाई की। 

टेबल टेनिस से था प्यार, कॉलेज में थीं क्वीन

प्रतिभा पाटिल को टेबल टेनिस खेलना काफी पसंद है। वह इसकी शानदार प्लेयर रही हैं। कॉलेज टाइम पर प्रतिभा काफी खूबसूरत थीं, इसलिए उन्हें कॉलेज क्वीन का भी खिताब मिला था। साल 1965 में उनकी शादी प्रोफेसर देवीसिंह रणसिंह शेखावत के साथ हुई थी। प्रतिभा के एक बेटा और एक बेटी है। 

कॉलेज क्वीन से लेकर राष्ट्रपति पद तक संभाला

प्रतिभा ने भैंरोसिंह शेखावत को लगभग 3 लाख वोटों से हरा दिया था। 25 जुलाई 2007 को प्रतिभा देवीसिंह पाटिल देश की पहली महिला राष्ट्रपति बनीं थीं। इससे पहले वह 1986 से 1988 तक राज्यसभा उपसभापति रहीं और 1991 में अमरावती लोकसभा सीट पर जीतीं। इसके बाद साल 2004 से 2007 तक राजस्थान की राज्यपाल के रूप में उन्होंने काम किया। उन्हें यूपीए ने साल 2007 में राष्ट्रपति पद का उम्मीदवार बनाया।

कैसे की राजनीति की शुरुआत?

प्रतिभा पाटिल को समाज सेवा करना अच्छा लगता था। राजनीति में आने से पहले वह यही काम करती थीं। उन्होंने महिलाओं के लिए कई सुधारवादी काम किए। जब प्रतिभा 27 साल की थीं, तब वह राजनीति में आईं और उन्होंने महाराष्ट्र के जलगांव से विधानसभा का चुनाव लड़ा। वह लगातार चार बार मुक्ति नगर से कांग्रेस के टिकट पर जीतीं। प्रतिभा का राजनीतिक कद लगातार बढ़ता रहा। साल 1967-72 के बीच प्रतिभा महाराष्ट्र सरकार में उप मंत्री और 1972 से 1974 तक समाज कल्याण मंत्री के रूप में काम करती रहीं। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत