1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. President Election: द्रौपदी मुर्मू ने की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात, कल दाखिल करेंगी नामांकन पत्र

President Election: द्रौपदी मुर्मू ने की प्रधानमंत्री मोदी से मुलाकात, कल दाखिल करेंगी नामांकन पत्र

 Published : Jun 23, 2022 04:02 pm IST,  Updated : Jun 23, 2022 04:02 pm IST

President Election: राष्ट्रपति पद के लिए नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद एक ट्वीट कर यह जानकारी दी।

Draupadi Murmu Meets PM Narendra Modi - India TV Hindi
Draupadi Murmu Meets PM Narendra Modi  Image Source : TWITTER/NARENDRAMODI

Highlights

  • प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलीं द्रौपदी मुर्मू
  • राष्ट्रपति पद के लिए हैं एनडीए की प्रत्याशी
  • द्रौपदी मुर्मू कल नामांकन पत्र करेंगी दाखिल

President Election: राष्ट्रपति पद के लिए नेशनल डेमोक्रेटिक अलायंस (एनडीए) की उम्मीदवार द्रौपदी मुर्मू ने गुरुवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात की। प्रधानमंत्री मोदी ने खुद एक ट्वीट कर यह जानकारी दी। पीएम मोदी ने इस मुलाकात की तस्वीरें साझा कीं। पीएम ने कहा, ‘‘द्रौपदी मुर्मू जी से मुलाकात की। राष्ट्रपति पद के लिए उनकी उम्मीदवारी का देश भर में और समाज के सभी वर्गों द्वारा सराहना की जा रही है। जमीनी समस्याओं के प्रति उनकी समझ और भारत के विकास को लेकर उनकी दृष्टि उत्कृष्ट है।’’ 

एनडीए की ओर से राष्ट्रपति पद की उम्मीदवार घोषित किए जाने के बाद मुर्मू आज दिल्ली पहुंचीं। मुर्मू (64) प्रधानमंत्री मोदी और पार्टी के बड़े नेताओं की मौजूदगी में शुक्रवार को नामांकन पत्र दाखिल करेंगी। राष्ट्रपति पद के लिए मतदान 18 जुलाई को होगा। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।

संसदीय कार्य मंत्री के आवास पर नामांकन की तैयारी

बता दें कि राष्ट्रपति पद के लिए होने जा रहे चुनाव में एनडीए की प्रत्याशी द्रौपदी मुर्मू बृहस्पतिवार को दिल्ली पहुंचीं। सूत्रों ने बताया कि संसदीय कार्य मंत्री प्रह्लाद जोशी के आवास पर उनके नामांकन संबंधी दस्तावेज तैयार किए जा रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, वरिष्ठ मंत्री राजनाथ सिंह, अमित शाह और भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा उनके प्रस्तावकों में शामिल होंगे। केंद्रीय मंत्री और भाजपा के वरिष्ठ नेता जोशी के आवास पर प्रस्तावक और समर्थक के तौर पर दस्तावेजों हस्ताक्षर कर रहे हैं। बीजू जनता दल (बीजेडी) के सस्मित पात्रा भी दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करने वालों में शामिल हैं। बीजद ने मुर्मू के नामांकन का समर्थन किया है। मुर्मू (64) के पार्टी के शीर्ष नेताओं की मौजूदगी में नामांकन पत्र दाखिल करने की उम्मीद है। 

भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति बनने की राह पर

राष्ट्रीय राजधानी के लिए रवाना होने से पहले ओडिशा में एक संक्षिप्त बयान में मुर्मू ने कहा था, ‘‘ मैं सभी का धन्यवाद करती हूं और सभी से राष्ट्रपति चुनाव के लिए सहयोग मांगती हूं। मैं 18 जुलाई से पहले सभी मतदाताओं (सांसदों) से मिलूंगी और उनका समर्थन मांगूंगी।’’ अगर वह चुनाव जीत जाती हैं, तो वह भारत की पहली आदिवासी राष्ट्रपति और इस पद पर काबिज होने वाली दूसरी महिला होंगी। राष्ट्रपति पद के लिए मतदान 18 जुलाई को होगा। वर्तमान राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद का कार्यकाल 24 जुलाई को समाप्त हो रहा है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत