1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. चुनावी मौसम के बीच छुट्टी मनाने इटली रवाना हुए राहुल गांधी

चुनावी मौसम के बीच छुट्टी मनाने इटली रवाना हुए राहुल गांधी

 Reported By: Vijai Laxmi @Vijai_laxmi
 Published : Dec 29, 2021 09:09 pm IST,  Updated : Dec 29, 2021 09:55 pm IST

कांग्रेस नेता राहुल गांधी चुनावी मौसम के बीच छुट्टी मनाने के लिए विदेश रवाना हो गए हैं। उन्होंने सुबह 4 बजे उड़ान भरी है।

कांग्रेस नेता राहुल गांधी- India TV Hindi
कांग्रेस नेता राहुल गांधी Image Source : PTI

साल 2022 में पांच राज्यों में चुनाव होने जा रहे हैं। ऐसे में हर राजनीतिक पार्टी इसके लिए पूरी मेहनत कर रही है। कांग्रेस के लिए यूपी में प्रियंका गांधी चुनाव प्रचार कर रही हैं। इस बीच कांग्रेस सांसद राहुल गांधी से जुड़ी बड़ी खबर सामने आ रही है। राहुल गांधी चुनाव और कोरोना के बीच छुट्टी मनाने के लिए इटली रवाना हो चुके हैं। राहुल ने आज सुबह 4 बजे कतर एयरवेज़ की फ्लाइट पकड़ी थी। उनकी ये फ्लाइट दोहा के रास्ते होकर इटली पहुंची है। जानकारी के अनुसार, राहुल अभी कुछ दिनों तक बाहर ही रहेंगे।

अभी कांग्रेस पार्टी भी इस पर बात करने से बच रही है। फिलहाल पार्टी ने इसको लेकर कोई प्रतिक्रिया भी नहीं दी है। ऐसे में कांग्रेस कार्यकर्ताओं को ये खबर जरूर थोड़ा निराश कर सकती है। क्योंकि कांग्रेस पंजाब में हर संभर प्रयास कर रही है। इस बीच राहुल गांधी की जनवरी के शुरुआत में भी एक रैली होने वाली थी। लेकिन अब राहुल गांधी विदेश रवाना हो चुके हैं। 

पहले भी रहे हैं चर्चा में-

ये कोई पहली बार नहीं है जब राहुल गांधी अपने ट्रिप को लेकर चर्चा में हैं। पिछले साल भी राहुल गांधी नए साल का जश्न मनाने विदेश चले गए थे। वह भारत से इटली पहुंचे थे। यहां तक कि वह कांग्रेस स्थापना दिवस तक भी नहीं रुके थे। पिछले 28 दिसंबर को कांग्रेस के 136वें स्थापना दिवस के मौक़े पर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी और सोनिया गांधी दोनों अनुपस्थित थे। राहुल इस कार्यक्रम से ठीक एक दिन पहले इटली के लिए रवाना हुए थे और सोनिया गाँधी की तबियत ख़राब होने की वजह से कार्यक्रम की ज़िम्मेदारी प्रियंका गांधी को संभालनी पड़ी थी।

कांग्रेस मुख्यालय में मौजूद मीडिया के लोगों ने जब प्रियंका गांधी से इसको लेकर सवाल पूछा था तो उन्होंने इसका कुछ जवाब नहीं दिया था। कांग्रेस के अन्य वरिष्ठ नेता भी इस सवाल से बचते हुए नज़र आए थे। मामले ने जब तूल पकड़ा तो कांग्रेस की तरफ से बयान जारी कर बताया गया था कि वह अपनी बीमार नानी को देखने के लिए इटली गए हैं। लेकिन एक बार फिर वह चुनाव और नए साल का जश्न मनाने के लिए विदेश चले गए हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत