1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. संजय राउत ने संसद में उठाई अजित पवार के मौत की न्यायिक जांच की मांग, कहा- दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से गई जान

संजय राउत ने संसद में उठाई अजित पवार के मौत की न्यायिक जांच की मांग, कहा- दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से गई जान

 Published : Feb 02, 2026 10:13 pm IST,  Updated : Feb 02, 2026 10:17 pm IST

एनसीपी नेता अजित पवार के मौत की जांच की मांग शिवसेना (UBT) के नेता संजय राउत ने उठाई है। उन्होंने कहा कि पवार ने कुछ दिन पहले ही बीजेपी के घोटाले की बात कही थी, उसके कुछ दिन बाद ही उनकी दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से जान चली गई।

अजित पवार और संजय राउत- India TV Hindi
अजित पवार और संजय राउत Image Source : PTI-FILE PHOTO

एनसीपी नेता अजित पवार के मौत के न्यायिक जांच की मांग अब संसद में भी उठी है। राज्यसभा में सोमवार को शिवसेना (UBT) सदस्य संजय राउत ने विमान हादसे में महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार की मृत्यु की स्वतंत्र न्यायिक जांच कराने की मांग उठाई है। 

दागदार नहीं रह गए थे अजित पवार

राष्ट्रपति के अभिभाषण पर धन्यवाद प्रस्ताव पर राज्यसभा में चर्चा में भाग लेते हुए राउत ने कहा कि महाराष्ट्र में कथित 70,000 करोड़ रुपये के सिंचाई घोटाले में जांच का सामना कर रहे पवार भाजपा के सहयोगी बनने के बाद 'दागदार नहीं रह गए थे।' 

15 जनवरी को दिया था ये बयान

राउत ने कहा कि 15 जनवरी को पवार ने बयान दिया था कि भाजपा ने घोटाले में भारी मात्रा में धन का गबन किया है और कुछ दिनों बाद एक भीषण विमान दुर्घटना में उनकी मृत्यु हो गई। उन्होंने कहा, 'जांच होनी चाहिए। स्वतंत्र न्यायिक जांच होनी चाहिए।' 

आज भी इस घटना से स्तब्ध

राउत ने कहा कि पवार महाराष्ट्र के एक बड़े नेता थे, और उनकी मृत्यु दुर्भाग्यपूर्ण तरीके से हुई। उन्होंने विमान हादसे में पवार की मौत का जिक्र करते हुए कहा, 'हम आज भी इस घटना से स्तब्ध हैं।'

विमान हादसे में अजित पवार की गई थी जान

बता दें कि महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री और एनसीपी अध्यक्ष अजित पवार समेत चार अन्य लोगों की 28 जनवरी को पुणे जिले के बारामती हवाई अड्डे के पास एक विमान दुर्घटना में मृत्यु हो गई थी। अजित पवार के निधन के बाद उनकी पत्नी सुनेत्रा पवार को महाराष्ट्र का डिप्टी सीएम बना दिया गया है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत