1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सिक्किम में लैंडस्लाइड के बाद निर्माणाधीन टनल में फंसे 27 मजदूर, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

सिक्किम में लैंडस्लाइड के बाद निर्माणाधीन टनल में फंसे 27 मजदूर, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी

 Written By: Niraj Kumar @nirajkavikumar1
 Published : Jul 20, 2026 11:24 pm IST,  Updated : Jul 21, 2026 12:10 am IST

सिक्किम के नामची जिले में सोमवार को भूस्खलन के बाद निर्माणाधीन सड़क सुरंग का प्रवेश द्वार बंद हो गया, जिससे अंदर काम कर रहे कम से कम 27 मजदूर फंस गए। एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, पुलिस और अग्निशमन विभाग की टीमें राहत एवं बचाव कार्य में जुटी हैं।

sikkim, tunnel- India TV Hindi
राहत और बचाव कार्य जारी Image Source : ANI

गंगटोक: सिक्किम के नामची जिले में सोमवार दोपहर बड़ा हादसा हो गया। यहां लैंडस्लाइड के कारण निर्माणाधीन समरदुंग सड़क टनल का प्रवेश द्वार मलबे से बंद हो गया, जिससे टनल के भीतर काम कर रहे कम से कम 27  मजदूर फंस गए। घटना के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया गया।  सुरंग के भीतर संदिग्ध मीथेन गैस के रिसाव ने बचाव अभियान को और जटिल बना दिया है। जिला प्रशासन ने सभी मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए युद्धस्तर पर राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया है।

पटेल इंजीनियरिंग और एनएचपीसी के कर्मचारी फंसे

नामची की जिला कलेक्टर अनुपा तामलिंग ने बताया कि फिलहाल सुरंग में फंसे मजदूरों की संख्या का पता किया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार पटेल इंजीनियरिंग के 21 और एनएचपीसी के 6 कर्मचारी, यानी कुल 27 लोग सुरंग के भीतर फंसे हुए हैं। प्रशासन को दोपहर करीब 3:40 बजे इस घटना की सूचना मिली, जिसके तुरंत बाद बचाव दल मौके पर पहुंचा और रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। 

मीथेन गैस और संकरी सुरंग से बढ़ी मुश्किल

अधिकारियों के मुताबिक लैंडस्लाइड के बाद भूमिगत चट्टानों और परतों में हलचल होने से सुरंग के भीतर प्राकृतिक रूप से मीथेन गैस निकलने की आशंका है। मीथेन गैस की मौजूदगी, सुरंग का संकरा रास्ता और बेहद कम विजिबिलिटी के कारण बचाव अभियान लगातार कठिन होता जा रहा है। टनल में फंसे मजदूरों तक पहुंचने की कोशिश के दौरान बचावकर्मियों को कई मुश्किलों का सामना करना पड़ रहा है। बचावकर्मियों को टनल में दाखिल होते ही चक्कर आने लगे और कुछ बेहोश भी हो गए।

NDRF-SDRF समेत कई एजेंसियां जुटीं

बचाव अभियान में एनडीआरएफ, एसडीआरएफ, जिला पुलिस और अग्निशमन एवं इमरजेंसी सर्विसेज की टीमें लगी हुई हैं। इसके अलावा, पश्चिम बंगाल से गैस-रोधी उपकरणों से लैस एक विशेष बचाव दल भी मौके पर पहुंच गया है। एंबुलेंस को अलर्ट मोड पर रखा गया है, जबकि गैस मास्क और अन्य सुरक्षा उपकरणों के साथ बचावकर्मी सुरंग के भीतर पहुंचने का प्रयास कर रहे हैं। ऐसी ही एक घटना में वर्ष 2023 में उत्तरकाशी के सिलक्यारा टनल में 41 मजदूर फंस गए थे जिन्हें करीब दो हफ्ते बाद एक कठिन रेस्क्यू ऑपरेशन के बाद बाहर निकाला गया था।

तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना का हिस्सा है सुरंग

अधिकारियों ने बताया कि यह सुरंग एनएचपीसी की तीस्ता स्टेज-6 जलविद्युत परियोजना के लिए बनाई जा रही एडीआईटी (ADIT) सुरंग का हिस्सा है, जिसका निर्माण पटेल इंजीनियरिंग कर रही है। जिला प्रशासन का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता सभी फंसे मजदूरों को सुरक्षित बाहर निकालना है। इसके बाद हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कराई जाएगी। (Input-PTI)

ये भी पढ़ें:

उत्तरकाशी टनल में फंसे मजदूरों का VIDEO आया सामने, हालात देख रो देंगे आप; रेस्क्यू ऑपरेशन तेज

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत