1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. झारखंड के दुमका में स्पैनिश महिला के साथ गैंगरेप, पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार, जांच जारी

झारखंड के दुमका में स्पैनिश महिला के साथ गैंगरेप, पुलिस ने तीन लोगों को किया गिरफ्तार, जांच जारी

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Mar 02, 2024 12:55 pm IST,  Updated : Mar 02, 2024 02:46 pm IST

झारखंड के दुमका में एक विदेशी महिला संग गैंगरेप का मामला देखने को मिला है। महिला ने पुलिस को शिकायत करते हुए कहा कि उसके साथ गैंगरेप किया गया है। पीड़ित महिला की मेडिकल जांच कराई जा रही है। पुलिस ने इस मामले में तीन लोगों को हिरासत में लिया है।

Spanish woman gang raped in Dumka Jharkhand Three persons have been detained- India TV Hindi
झारखंड के दुमका में विदेशी महिला संग गैंगरेप Image Source : FILE PHOTO

झारखंड के दुमका में एक विदेशी महिला के साथ गैंगरेप का मामला सामने आया है। यहां स्पेन की एक महिला ने शिकायत की है कि बीती रात हंसडीहा थाना क्षेत्र में उसके साथ कुछ लोगों ने गैंगरेप किया। महिला की शिकायत पर पुलिस ने एफआईआर दर्ज कर ली है और पुलिस महिला की मेडिकल जांच कराने की कार्रवाई कर रही है। पुलिस ने इस मामले में कार्रवाई करते हुए तीन लोगों को हिरासत में ले लिया है। इस बाबत दुमका के जिला एसपी ने कहा कि आगे की जांच अभी चल रही है। जानकारी के मुताबिक पीड़ित महिला अपने पति के साथ बाइक टूर पर भारत आई थी। शुक्रवार की रात उसके साथ कुरुमहाट में टेंट में सोने के दौरान सामूहिक दुष्कर्म किया गया। 

टेंट में घुसकर विदेशी महिला संग गैंगरेप

अब तक मिली जानकारी के मुताबिक पति और पत्नी स्पेन से टूरिस्ट वीजा पर भारत घूमने आए थे। स्पेन से पहले वो बाइक के जरिए पाकिस्तान पहुंचे। इसके बाद पाकिस्तान से बांग्लादेश होते हुए भारत आए। यहां वो जब झारखंड पहुंचे तो दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के कुंजी गांव में टेंट लगाकर रुके हुए थे। इस दौरान 8-10 लोगों ने उनके साथ गैंररेप किया। बता दें कि झारखंड से पीड़ित महिला अपने पति के साथ नेपाल जाने वाली थी। महिला ने बताया कि महिला के साथ गैंगरेप के साथ ही आरोपियों ने महिला के साथ मारपीट भी की।

पुलिस कर रही कार्रवाई

महिला ने पुलिस को बताया कि वह अपने पति के साथ दुमका होते हुए भागलपुर जा रही थी। लेकिन रात हो जाने की वजह से उन्होंने एक सुनसान जगह पर टेंट लगा लिया। इस दौरान जब वो सो गए तब वहां कुछ लोग पहुंचे और उन्होंने महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म किया और महिला के साथ फिर मारपीट की। घटना की शिकायत के बाद पीड़िता की मेडिकल जांच के लिए उसे सरैयाहाट सीएचसी में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। पुलिस ने इस मामले में फिलहाल तीन लोगों को हिरासत में लिया है और आगामी कार्रवाई अब भी जारी है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत