1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. RCB की विक्ट्री परेड के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़, 11 लोगों की मौत, 33 लोग घायल

RCB की विक्ट्री परेड के दौरान चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर भगदड़, 11 लोगों की मौत, 33 लोग घायल

 Written By: Avinash Rai @RaisahabUp61
 Published : Jun 04, 2025 05:26 pm IST,  Updated : Jun 05, 2025 12:47 am IST

मंगलवार को पंजाब और आरसीबी के बीच आईपीएल का फाइनल मैच खेला गया, जिसमें आरसीबी को जीत मिली। इस खुशी के मौके पर बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में आरसीबी की विक्ट्री परेड का आयोजन किया गया था। इसी दौरान स्टेडियम के बाहर भगदड़ मच गई और 11 लोगों की मौत हो गई।

RCB VICTORY PARADE stampede- India TV Hindi
आरसीबी की विक्ट्री परेड के दौरान भगदड़ Image Source : PTI

आईपीएल में 18 साल बाद पहली बार रॉयल चैलेंजर्स बेंगलुरू ने जीत दर्ज की। इस जीत की खुशी में बेंगलुरू के चिन्नास्वामी स्टेडियम में विक्ट्री परेड का आयोजन किया गया था। इस दौरान वहां भगदड़ मचने की वजह से 11 लोगों की मौत हो गई है और 33 लोग घायल हो गए। बता दें कि कर्नाटक राज्य क्रिकेट संघ द्वारा आयोजित इस सम्मान समारोह में काफी संख्या में क्रिकेट फैन्स इकट्ठा हुए थे। इस दौरान मची भगदड़ में 11 लोगों की मौत हो गई है, वहीं 33 लोग इस भगदड़ में घायल हुए हैं। बता दें कि पुलिस ने घायलों और बेहोश हुए लोगों को आनन-फानन में नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया। इस बीच सरकार ने चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ की मिजिस्टिरियल जांच के आदेश दे दिए हैं। 

क्यों मची भगदड़?

जानकारी के मुताबिक, ये भगदड़ चिन्नास्वामी स्टेडियम के गेट नंबर 6 के बाहर देखने को मिली है। बता दें कि इस भगदड़ में 33 लोग घायल हो गए हैं। हालांकि चिन्नास्वामी स्टेडियम के अंदर ये भगदड़ कैसे मची, अभी तक यह साफ नहीं हो सका है। हालांकि आरसीबी की विक्ट्री परेड में भारी संख्या में आरसीबी फैन्स अपने चहेते खिलाड़ियों की एक झलक पाने के लिए स्टेडियम पहुंचे थे। बता दें कि विक्ट्री परेड को लेकर बेंगलुरू पुलिस द्वारा एडवाइजरी भी जारी की गई थी। बावजूद इसके भारी संख्या में लोग वहां पहुंचे। यहां हालात इस कदर बेकाबू हो गया कि लोग दीवारों और पेड़ों पर चढ़कर प्लेयर्स की एक झलक पाने को बेताब थे। 

आरसीबी प्रशंसक ने बयां की कहानी

विक्ट्री परेड में शामिल होने के लिए चिन्नास्वामी स्टेडियम पहुंची एक आरसीबी की प्रशंसक ने कहा, "अंदर भी सीटें भरी हुई हैं और इसलिए वे हमें अंदर नहीं जाने दे रहे हैं। हम वापस जाना चाहते हैं लेकिन हमें वापस जाने की अनुमति नहीं है। गेट पर लोगों की भीड़ है, अगर वे गेट खोलते भी हैं तो लोग अंदर आना शुरू कर देंगे, ऐसे में ही बहुत से लोग घायल हो गए हैं।" बता दें कि इस घटना में अबतक 11 लोगों के मारे जाने की खबर सामने आ रही है। हालांकि यह संख्या बढ़ भी सकती है।

मजिस्ट्रेट जांच के आदेश जारी

कर्नाटक की सरकार ने चिन्नास्वामी स्टेडियम के बाहर हुई भगदड़ की मजिस्ट्रेट जांच के आदेश दिए हैं। इस भगदड़ में अब तक 11 लोगों की मौत हुई है, और 33 घायल हुए हैं। सरकार ने मृतकों के परिजनों को 10 लाख रुपया मुआवजा देने का भी ऐलान किया है। मुख्यमंत्री सिद्धरमैया ने कहा, 'क्रिकेट एसोसिएशन ने (स्टेडियम में) जीत के जश्न के लिए एक कार्यक्रम आयोजित किया था। सरकार की ओर से भी (विधान सौध में) एक कार्यक्रम आयोजित किया गया। चिन्नास्वामी स्टेडियम में एक बड़ी त्रासदी हुई। भगदड़ के कारण 11 लोगों की मौत हो गई और 33 लोग घायल हो गए।'

मृतकों की पहचान

बॉरिंग अस्पताल में इन 6 लोगों की मौत

  • दिव्याम्शी- 13 साल
  • दिया- 26 साल
  • श्रवण- 21 साल
  • अज्ञात पहचान होना बाकी- लड़की
  • अज्ञात- 17 (लड़का)
  • अज्ञात- पुरुष

व्यदेही अस्पताल में 4 लोगों की मौत

  • भूमिक- 20 साल
  • सहाना- 19 साल
  • अज्ञात- 20 साल (पुरुष)
  • अज्ञात- 35 वर्ष (पुरुष)

मणिपाल अस्पताल में 1 की मौत

  • चिन्मयी- 19 साल

क्या बोले डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार?

इस घटना पर कर्नाटक के डिप्टी सीएम डीके शिवकुमार ने कहा- "ये जोश से भरे युवाओं की भीड़ थी। इस कारण हम लाठी का इस्तेमाल नहीं कर सकते थे। भीड़ बेकाबू थी, पुलिस को परेशानी हो रही थी, इसलिए हमें जुलूस रोकना पड़ा। भगदड़ के दौरान हुई मौतों को लेकर शिवकुमार ने कहा कि इस बारे में उन्हें कोई जानकारी नहीं है। जानकारी मिलने पर वह इस बारे में सूचित करेंगे।" डीके शिवकुमार ने कहा कि मैंने पुलिस कमिश्नर से बात की और मैं अस्पताल जा रहा हूं। अभी तक पीड़ितो की संख्या के बारे में हमें जानकारी नहीं है। हम सभी से शांत रहने का निवेदन करते हैं। हमने अपने कई कार्यक्रमों में कटौती की है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत