हमारे दैनिक जीवन में खबरों की बेहद महत्वपूर्ण भूमिका होती है। कुछ लोगों की सुबह यह जाने बगैर अधूरी ही रहती है कि दुनिया में क्या हो रहा है? जो लोग डिजिटल तकनीक को समझते हैं, वे अपने खाली समय में या यात्रा करते हुए भी देश-दुनिया की खबरों की जानकारी लेते रहते हैं। आज के दौर में, जबकि लोग खबरें पाने के लिए न्यूज वेबसाइट्स पर निर्भर हैं, इंडिया टीवी न्यूज आपको हर तरह की ब्रेकिंग न्यूज, ब्रेकिंग स्टोरी वीडियो, लाइव टीवी और अन्य बेहतरीन शो एक मंच पर उपलब्ध कराता है ताकि आप किसी भी जरूरी जानकारी से अनभिज्ञ न रह जाएं। आप यहां सिर्फ एक पेज पर सभी तरह की ताजा खबरें और ब्रेकिंग न्यूज की लाइव कवरेज देख और पढ़ सकते हैं। देश और दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए आप बने रहिए इंडिया टीवी के LIVE ब्लॉग के साथ...
- Hindi News
- भारत
- राष्ट्रीय
- Today 14 April 2022 Breaking News: पढ़िए आज की सभी बड़ी खबरें और रहिए हर वक्त अपडेट
Today 14 April 2022 Breaking News: पढ़िए आज की सभी बड़ी खबरें और रहिए हर वक्त अपडेट
देश और दुनिया की तमाम बड़ी खबरों के लिए आप बने रहिए इंडिया टीवी के LIVE ब्लॉग के साथ...
Today 14 April 2022 Breaking News LIVE Updates
-
2:26 PM (IST) Apr 14, 2022
बीरभूम हिंसा मामला: सीबीआई ने पेट्रोल लाने के आरोप में एक ई-रिक्शा चालक को किया गिरफ्तार
रामपुरहाट (पश्चिम बंगाल): केन्द्रीय अन्वेषण ब्यूरो (सीबीआई) ने बीरभूम हिंसा मामले में बृहस्पतिवार को एक ई-रिक्शा चालक को गिरफ्तार किया। एक अधिकारी ने यह जानकारी दी। यह मामला बोगतुई गांव में नौ लोगों की हत्या से जुड़ा है, जिन्हें 21 मार्च को उनके घरों में कथित तौर पर जिंदा जला दिया गया था। चालक ने ही घटना में इस्तेमाल किए गए पेट्रोल को कथित तौर पर पहुंचाया था। अधिकारी ने बताया कि रितन शेख को तड़के बोगतुई में उसके घर से गिरफ्तार किया गया। सीबीआई के एक अधिकारी ने ‘पीटीआई-भाषा’ से कहा, ‘‘ सीसीटीवी फुटेज से उसकी पहचान की गई। साथ ही, गिरफ्तार किए गए अन्य संदिग्धों और गवाहों ने भी पूछताछ में उसका नाम लिया था।’’ घटना के बाद से ही रितन फरार था।
-
2:22 PM (IST) Apr 14, 2022
भारत में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य रहने की संभावना: आईएमडी
भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने गुरुवार को बताया कि इस साल देश में दक्षिण-पश्चिम मानसून के सामान्य रहने की संभावना है। आईएमडी के अनुसार, बारिश के 1971-2020 की अवधि के 87 सेंटीमीटर दीर्घावधि औसत (एलपीए) के 96 से 104 प्रतिशत रहने की संभावना है। आईएमडी ने कहा, ‘‘ दक्षिण-पश्चिम मानसून के मौसम के लिए 1971-2020 (अवधि) के आधार पर भारत में 868.6 मिलीमीटर वर्षा होने की संभावना है। यह 1961-2010 अवधि की सामान्य वर्षा 880.6 मिलीमीटर की जगह लेगा।’’ प्रायद्वीपीय भारत के उत्तरी भाग, मध्य भारत, हिमालय की तलहटी और उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश होने की संभावना है। पूर्वोत्तर भारत के कई हिस्सों, उत्तर-पश्चिम भारत के कुछ हिस्सों और दक्षिणी प्रायद्वीप के दक्षिणी हिस्सों में सामान्य से कम बारिश होने की संभावना है। गत वर्ष 2021 में जून से सितंबर के बीच चार महीने के दक्षिण-पश्चिम मानसून के मौसम के दौरान देश में ‘‘सामान्य’’ वर्षा हुई थी। लगातार तीसरे वर्ष देश में सामान्य या सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई थी। 2019 और 2020 में बारिश सामान्य से अधिक हुई थी।
-
2:21 PM (IST) Apr 14, 2022
रूस के पड़ोसी चार देशों के राष्ट्रपतियों ने किया यूक्रेन का दौरा, समर्थन भी जताया
रूस के पड़ोसी चार देशों के राष्ट्रपतियों ने बुधवार को संकटग्रस्त यूक्रेन का दौरा किया और उसे समर्थन का एहसास दिलाया। इस दौरान राष्ट्रपतियों ने रूसी हमलों में क्षतिग्रस्त हुई इमारतों को देख रूस से युद्ध अपराधों के लिए जवाबदेही की मांग की। पोलैंड, लिथुआनिया, लातविया और एस्टोनिया के राष्ट्रपतियों की यात्रा नाटो के पूर्वी हिस्से के देशों की एकजुटता का एक मजबूत प्रदर्शन थी। इनमें से तीन पहले यूक्रेन की तरह सोवियत संघ का हिस्सा थे। इन नेताओं ने राष्ट्रपति वोलोदिमीर ज़ेलेंस्की से मिलने के लिए यूक्रेन की राजधानी कीव में ट्रेन से यात्रा की। इसके बाद उन्होंने बोरोड्यांका इलाके का दौरा किया, जहां रूसी सैनिकों द्वारा किए गए अत्याचार के सबूत मिले हैं।
-
2:19 PM (IST) Apr 14, 2022
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से ईडी ने पूछताछ की
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी से ईडी ने कल कथित अवैध रेत खनन मामले में पांच घंटे से अधिक समय तक पूछताछ की। उनसे उनके भतीजे भूपिंदर सिंह हनी के साथ संबंधों के संबंध में पूछताछ की गई थी, जिन्हें एजेंसी ने गिरफ्तार किया था: ईडी अधिकारी
-
2:18 PM (IST) Apr 14, 2022
प्रशासन के चाक-चौबंद के बाद भी रामनवमी पर देश भर में कई जगह दंगे हो गए- अशोक गहलोत
प्रशासन के चाक-चौबंद के बाद भी रामनवमी पर देश भर में कई जगह दंगे हो गए। दंगे के बाद अब लोगों के घर तोड़े जा रहे हैं। यह अधिकार किसने दिया कि किसी के घर को तोड़ा जाए। ये अधिकार सिर्फ कानून के पास है, लेकिन ये लोग कानून और संविधान की धज्जियां उड़ा रहे हैं: अशोक गहलोत,राजस्थान सीएम
-
1:24 PM (IST) Apr 14, 2022
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ओआहु के आसपास स्थित यू. एस. आर्मी पैसिफिक (USARPAC) के विभिन्न प्रशिक्षण स्थलों का दौरा किया
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने ओआहु के आसपास स्थित यू. एस. आर्मी पैसिफिक (USARPAC) के विभिन्न प्रशिक्षण स्थलों का दौरा किया।
-
12:40 PM (IST) Apr 14, 2022
यूक्रेन ने पुतिन के करीबी को हिरासत में लिया, मॉस्को नाराज
कीव (यूक्रेन): यूक्रेन ने भगोड़े नागरिक विक्टर मेदवेदचुक को हिरासत में लिया है जो देश में रूस समर्थक पार्टी के पूर्व नेता और रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के करीबी हैं। इस गिरफ्तारी को लेकर यूक्रेन में उत्साह है जबकि रूस में आक्रोश है। विश्लेषकों का कहना है कि मेदवेदचुक युद्ध को समाप्त करने के लिए रूस और यूक्रेन के बीच चल रही वार्ता में कीमती मोहरा हो सकते हैं। मेदवेदचुक को मंगलवार को यूक्रेन के विशेष सुरक्षा सेवा ने हिरासत में लिया।
-
12:39 PM (IST) Apr 14, 2022
कांग्रेस खुद भ्रष्टाचार की गंगोत्री है- बसवराज बोम्मई
ठेकेदार संतोष पाटिल की मौत पर कांग्रेस के प्रदर्शन पर कर्नाटक के मुख्यमंत्री बसवराज बोम्मई ने गुरुवार को कहा कि, कांग्रेस खुद भ्रष्टाचार की गंगोत्री है। कांग्रेस को अगर प्रदर्शन करना है तो वह करें। पोस्टमॉर्टम कल हुआ था। प्रारंभिक जांच (रिपोर्ट) का इंतज़ार है। उसके आधार पर आगे की कार्रवाई होगी।
-
12:31 PM (IST) Apr 14, 2022
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली के संगम विहार से हत्या के एक मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया
दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने दिल्ली के संगम विहार से हत्या के एक मामले में 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से 2 पिस्तौल और 8 ज़िदा कारतूस बरामद हुए हैं। ये लोग पहले हत्या, डकैती, रंगदारी, चोरी, पुलिस पर हमले के मामलों में शामिल पाए गए थे: जसमीत सिंह, DCP, स्पेशल सेल
-
12:30 PM (IST) Apr 14, 2022
राजस्थान में करौली ज़िला कलेक्टर के स्थानांतरण का आदेश दिया गया
राजस्थान सरकार ने 13 अप्रैल को घोषित किए गए 69 आईएएस अधिकारियों के स्थानांतरण के बीच करौली ज़िला कलेक्टर के स्थानांतरण का आदेश दिया है।
-
11:32 AM (IST) Apr 14, 2022
राजस्थान: उदयपुर में सड़क दुर्घटना में 5 लोगों की मौत, कई घायल
राजस्थान: उदयपुर में सड़क दुर्घटना में 5 लोगों की मृत्यु और 13 लोग घायल हुए हैं। SP मनोज कुमार ने कहा,"एक समारोह से लौटते समय यह हादसा हुआ।सूचना मिलते ही मौके पर पुलिस पहुंची। हादसे में 5 लोगों की मृत्यु हुई है और 13 लोग घायल हैं।घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।"
-
11:31 AM (IST) Apr 14, 2022
दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'प्रधानमंत्री संग्रहालय' में पहला टिकट ख़रीदा
दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने 'प्रधानमंत्री संग्रहालय' में पहला टिकट ख़रीदा। यह संग्रहालय आज़ादी के बाद से देश के प्रधानमंत्रियों को समर्पित है।
-
11:30 AM (IST) Apr 14, 2022
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश में एलुरु आग दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने आंध्र प्रदेश में एलुरु आग दुर्घटना में लोगों की मृत्यु पर शोक व्यक्त किया है।
-
9:28 AM (IST) Apr 14, 2022
करौली हिंसा मामले में डीएम पर गिरी गाज
करौली हिंसा मामले में डीएम पर गाज गिरी है। कलेक्टर राजेंद्र सिंह शेखावत का ट्रान्स्फ़र कर दिया गया है। करौली के अंकित सिंह नए ज़िलाधिकारी होंगे।
-
8:15 AM (IST) Apr 14, 2022
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिका में हवाई के होनोलूलू में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिका में हवाई के होनोलूलू में महात्मा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की।
-
8:12 AM (IST) Apr 14, 2022
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिका के हवाई में प्रशांत के राष्ट्रीय स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की
रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने अमेरिका के हवाई में प्रशांत के राष्ट्रीय स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की।
-
8:09 AM (IST) Apr 14, 2022
पंजाब: बैसाखी पर्व के अवसर पर लोगों ने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में अरदास की और स्नान किया
पंजाब: बैसाखी पर्व के अवसर पर लोगों ने अमृतसर के स्वर्ण मंदिर में अरदास की और स्नान किया।
-
8:08 AM (IST) Apr 14, 2022
उत्तराखंड: हरिद्वार में बैसाखी पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में डुबकी लगाई
उत्तराखंड: हरिद्वार में बैसाखी पर्व के अवसर पर श्रद्धालुओं ने गंगा नदी में डुबकी लगाई।
-
8:08 AM (IST) Apr 14, 2022
उत्तर प्रदेश: बसपा प्रमुख मायावती ने लखनऊ में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी
उत्तर प्रदेश: बहुजन समाज पार्टी (बसपा) प्रमुख मायावती ने लखनऊ में डॉ. भीमराव अंबेडकर की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि दी।
-
7:33 AM (IST) Apr 14, 2022
फिर से CNG की कीमतें ढाई रुपए बढ़ीं
इंद्रप्रस्थ गैस लिमिटेड (IGL) ने दिल्ली में CNG की कीमत 2.5 रुपये प्रति किलोग्राम बढ़ाकर 71.61 रुपये प्रति किलोग्राम की। नोएडा, ग्रेटर नोएडा और गाज़ियाबाद में CNG की कीमत 74.17 रुपये प्रति किलोग्राम कर दी गई है,जबकि गुरुग्राम में इसकी कीमत 79.94 रुपये प्रति किलोग्राम की गई है।
-
7:17 AM (IST) Apr 14, 2022
UPI एनपीसीआई ने व्हाट्सऐप यूपीआई पेमेंट सुविधा से 6 करोड़ और उपयोगकर्ताओं को जोड़ने की अनुमति दी
देश के भुगतान प्राधिकरण निकाय ने बुधवार को व्हाट्सऐप यूपीआई पेमेंट सुविधा से 6 करोड़ और उपयोगकर्ताओं को जोड़ने की अनुमति दे दी। इसके साथ ही ये व्हाट्सऐप उपयोगकर्ता ऐप के जरिये पैसे का लेनदेन कर सकेंगे। 'नेशनल पेमेंट्स कॉरपोरेशन ऑफ इंडिया' (एनपीसीआई) ने निर्णय की घोषणा करते हुए कहा, ''इस मंजूरी के साथ ही, व्हाट्सऐप अपने 10 करोड़ उपयोगकर्ताओं के लिए इस सेवा का विस्तार कर सकेगा।'' यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) डिजिटल मोड के जरिए खुदरा भुगतान का एक तरीका है। एनपीसीआई भारत में खुदरा भुगतान एवं निपटान प्रणाली के संचालन के लिए एक संगठन है।
-
7:16 AM (IST) Apr 14, 2022
कोयंबटूर में विंटेज कार रैली का आयोजन किया गया
कोयंबटूर में विंटेज कार रैली का आयोजन किया गया, जो लोगों के लिए आकर्षण का केंद्र बनी। कार रैली के आयोजक कनकराज ने बताया, "हमारा मूल उद्देश्य सड़क सुरक्षा जागरूकता पैदा करना है। हम ये भी दिखा रहे हैं कि कोयंबटूर में काफी विंटेज कार हैं, जो बहुत अच्छी स्थिति में हैं।"
-
7:14 AM (IST) Apr 14, 2022
न्यूयार्क सबवे का संदिग्ध हमलावर गिरफ्तार, हमले में गई थी 10 लोगों की जान
ब्रुकलिन मेट्रो स्टेशन पर हुई गोलाबारी के मामले में न्यूयार्क पुलिस ने 62 साल एक एक व्यक्ति फ्रैंक आर जेम्स को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने बताया संदिग्ध को 24 घंटे के अंदर ही गिरफ्तार किया है। ब्रुकलिन मेट्रो स्टेशन मंगलवार को हुई गोलाबारी में 10 लोगों की मौत हो गई थी जबकि हमले 23 लोग घायल हो गए थे।
-
6:55 AM (IST) Apr 14, 2022
नादिया हंसखाली बलात्कार-हत्या मामला: स्थानीय पुलिस ने सभी दस्तावेज CBI को सौंपे
पश्चिम बंगाल: स्थानीय पुलिस द्वारा सभी दस्तावेज CBI को सौंपे जाने के बाद CBI की 3 सदस्यीय टीम नादिया के हंसखाली पुलिस स्टेशन से रवाना हुई। कलकत्ता उच्च न्यायालय ने 12 अप्रैल को नादिया के हंसखाली में बलात्कार और हत्या मामले में CBI जांच का आदेश दिया था।
-
6:53 AM (IST) Apr 14, 2022
आंध्र प्रदेश: केमिकल लैब में आग लगने से 6 की मौत
आंध्र प्रदेश के वेस्ट गोदावरी जिले के अक्कीरेड्डीगुडेम में बुधवार देर रात एक केमिकल मैन्युफैक्चरिंग यूनिट में भीषण आग लग गई, जिसमें 6 लोगों की मौत हो गई। इस हादसे में 11 लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं, जिनको नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
-
6:37 AM (IST) Apr 14, 2022
पीएम मोदी आज करेंगे प्रधानमंत्री संग्रहालय का उद्घाटन
आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में बनाए गए प्रधानमंत्री संग्रहालय का उद्घाटन करेंगे। इसमें देश के अब तक के सभी प्रधानमंत्रियों के कार्यों का प्रदर्शन होगा। पहले इसे नेहरू संग्रहालय भवन के नाम से जाना जाता था। अधिकारियों ने बताया कि नेताओं के बारे में जागरूकता पैदा करने के लिए भारत के 14 पूर्व प्रधानमंत्रियों पर संग्रहालय विकसित किया गया है।