Tuesday, March 10, 2026
Advertisement
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. आज का मौसम 8 दिसंबर 2024: दिल्ली में ठंड तो तमिलनाडु में बारिश बनी मुसीबत, कोहरे से ढंके उत्तर-पूर्वी राज्य

आज का मौसम 8 दिसंबर 2024: दिल्ली में ठंड तो तमिलनाडु में बारिश बनी मुसीबत, कोहरे से ढंके उत्तर-पूर्वी राज्य

Edited By: Shakti Singh Published : Dec 08, 2024 07:33 am IST, Updated : Dec 08, 2024 07:33 am IST

तमिलनाडु और आंध्र प्रदेश में भारी बारिश होने के आसार हैं। वहीं, दिल्ली में लगातार पारा नीचे गिर रहा है। आने वाले दिनों में यहां कोहरा और धुंध बड़ी परेशानी बन सकते हैं।

Rain- India TV Hindi
Image Source : PTI तिरुवनंतपुरम में बारिश के बीच सड़क पार करता व्यक्ति

देश की राजधानी दिल्ली में लगातार ठंड बढ़ रही है, लेकिन दक्षिण भारतीय राज्यों में अभी भी बारिश जारी है। उत्तर पूर्वी राज्यों में कोहरा बड़ी समस्या बना हुआ है और उत्तरी-पहाड़ी राज्यों में बर्फबारी की शुरुआत हो चुकी है। आने वाले दिनों में पश्चिम बंगाल के दार्जिलिंग और कलीमपोंग में बारिश के साथ हिमपात की संभावना है। दिल्ली में भी रविवार को हल्की बारिश होने की संभावना जताई गई है। बारिश होने पर दिल्ली के लोगों को काफी राहत मिल सकती है और यहां की हवा साफ हो सकती है। हालांकि, तेज हवाओं के चलते दिल्ली के एक्यूआई में काफी सुधार आया है।

मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में देश के दक्षिण-पूर्वी राज्यों में भारी बारिश हो सकती है। तमिलनाडु, आंध्र प्रदेश और पुडुचेरी के लिए येलो अलर्ट जारी किया गया है। इन राज्यों में तूफान फेंगल ने भी जमकर तबाही मचाई थी और अब केंद्र सरकार की टीमें वहां जाकर नुकसान का आंकलन कर रही हैं। इन राज्यों में आने वाले तीन से चार दिनों में भारी बारिश होने के आसार हैं।

दिल्ली में शुक्रवार की रात सबसे ठंडी

दिल्ली में इस सर्दी की अब तक की सबसे ठंडी रात शुक्रवार (6 दिसंबर) को रही और न्यूनतम तापमान 7.1 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग ने रविवार को शहर में हल्की बारिश का अनुमान जताया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार शुक्रवार रात को न्यूनतम तापमान मौसम के औसत से तीन डिग्री कम दर्ज किया गया। शनिवार को अधिकतम तापमान 25.4 डिग्री सेल्सियस रहा। गुरुवार और शुक्रवार को सीजन का दूसरा सबसे कम तापमान दर्ज किया गया, जब न्यूनतम तापमान गिरकर 8.5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। रविवार को अधिकतम तापमान 24 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान आठ डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।

दार्जिलिंग में हिमपात की संभावना

पश्चिम बंगाल के उत्तरी जिलों दार्जिलिंग और कलिम्पोंग के कुछ हिस्सों में हल्की बारिश या हिमपात की संभावना है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने 10 दिसंबर तक के अपने पूर्वानुमान में यह संभावना जताई है। आईएमडी ने शनिवार को कहा कि पश्चिम बंगाल के उप-हिमालयी क्षेत्र के कुछ हिस्सों में 10 दिसंबर तक देर रात और सुबह के समय घना कोहरा छाया रह सकता है। राज्य के दक्षिणी भाग में पश्चिमी मिदनापुर, झारग्राम, पुरुलिया, बांकुरा, पूर्बा और पश्चिम बर्धमान, बीरभूम, मुर्शिदाबाद और नादिया जिलों में नौ दिसंबर को एक या दो स्थानों पर हल्की बारिश होने की संभावना है। 

कोलकाता में गिर सकता है पारा

आईएमडी के मुताबिक पश्चिम बंगाल के अन्य भागों में 10 दिसंबर तक मौसम मुख्यतः शुष्क रहने की संभावना है। पिछले 24 घंटों में दार्जिलिंग शहर में न्यूनतम तापमान 5.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया जो राज्य में सबसे कम रहा, जबकि कलिम्पोंग में न्यूनतम तापमान 10.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। राज्य के पश्चिमी भाग में स्थित पुरुलिया 9.5 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ दूसरा सबसे ठंडा स्थान रहा। कोलकाता में न्यूनतम तापमान 16.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। मौसम विभाग का अनुमान है कि रविवार सुबह महानगर में पारा एक डिग्री नीचे जा सकता है। 

Latest India News

Google पर इंडिया टीवी को अपना पसंदीदा न्यूज सोर्स बनाने के लिए यहां
क्लिक करें

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत

Advertisement
Advertisement
Advertisement