1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. नौसेना के आवासीय क्षेत्र में नेवी यूनिफॉर्म में घुसा अनजान शख्स, राइफल और 40 जिंदा कारतूस गायब

नौसेना के आवासीय क्षेत्र में नेवी यूनिफॉर्म में घुसा अनजान शख्स, राइफल और 40 जिंदा कारतूस गायब

 Reported By: Rajesh Kumar Edited By: Subhash Kumar
 Published : Sep 09, 2025 09:56 am IST,  Updated : Sep 09, 2025 05:13 pm IST

मुंबई में नौसेना के आवासीय क्षेत्र में नेवी यूनिफॉर्म में एक संदिग्ध शख्स घुसा और राइफल और 40 जिंदा कारतूस लेकर गायब हो गया है। पुलिस ने इस बारे में मामला दर्ज किया है और जांच शुरू कर दी है।

indian navy rifle stolen mumbai- India TV Hindi
नौसेना के आवासीय क्षेत्र से राइफल और कारतूस गायब। Image Source : INDIAN NAVY

भारतीय नौसेना से जुड़ा एक बड़ा ही हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। मुंबई में नौसेना के आवासीय क्षेत्र में नेवी की यूनिफॉर्म में एक संदिग्ध ने ड्यूटी पर तैनात अग्निवीर से शिफ्ट खत्म होने के नाम पर उसकी राइफल और 40 जिंदा कारतूस ले लिए है, लेकिन बाद में पता चला कि जिस संदिग्ध ने राइफल ली है वो कोई अनजान आदमी है, जो नेवी के यूनिफॉर्म में था।अब नेवी और मुंबई पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।ये घटना शनिवार देर रात की हैl

नौसेना के प्रवक्ता ने क्या बताया?

नौसेना के प्रवक्ता की ओर से इस घटना के बारे में जानकारी दी गई है। प्रवक्ता ने कहा- "मुंबई स्थित नौसेना के आवासीय क्षेत्र में 06 सितंबर 25 की रात को एक चौकी से गोला-बारूद सहित एक राइफल के गायब होने की खबर मिली है। एक जूनियर नाविक, जो संतरी ड्यूटी पर था, कथित तौर पर नौसेना की वर्दी पहने एक अन्य व्यक्ति के पास आया और उसे ड्यूटी से मुक्त कर दिया। उसने ये दिखाया कि उसे भी ऐसा ही करने के लिए भेजा गया था। बाद में, संतरी की ड्यूटी संभालने वाला व्यक्ति राइफल और गोला-बारूद सहित अपनी चौकी से गायब पाया गया।"

नौसेना के प्रवक्ता आगे कहा- "मुंबई पुलिस के सहयोग से खोई हुई चीजों की बरामदगी के लिए एक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। घटना के कारणों की जांच के लिए एक जांच बोर्ड का गठन किया गया है। अन्य सरकारी एजेंसियों द्वारा भी मामले की जांच की जा रही है और भारतीय नौसेना इस प्रयास में सभी आवश्यक सहायता प्रदान कर रही है।"

पुलिस ने दर्ज की FIR

इस पूरी घटना को लेकर मुंबई पुलिस का भी बयान सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, कफ परेड थाने में नौसेना अधिकारी की शिकायत पर एफआईआर दर्ज की गई है। आपको बता दें कि अभी तक उस संदिग्ध का कुछ पता नहीं चल पाया है। राइफल और जिंदा कारतूस का भी कुछ पता नहीं चला है।

ये भी पढ़ें- 'भारत-चीन के पास 2.8 अरब की आबादी, मिलकर मुकाबला करेंगे', अमेरिका को लेकर चीनी राजदूत का बड़ा बयान

भारत के इस राज्य में लगे भूकंप के झटके, मात्र 10 किलोमीटर की गहराई पर रहा केंद्र, जानिए तीव्रता

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत