1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. उत्तराखंड के मसूरी में दर्दनाक हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 4 लोगों की मौत

उत्तराखंड के मसूरी में दर्दनाक हादसा: 500 मीटर गहरी खाई में गिरी कार, 4 लोगों की मौत

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Jun 10, 2026 04:41 pm IST,  Updated : Jun 10, 2026 11:21 pm IST

उत्तराखंड के मसूरी से दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। झड़ीपानी रोड पर ब्रेक फेल होने से एक कार 500 मीटर गहरी खाई में गिर गई। इस हादसे में चार लोगों की मौत हो गई है। एसडीआरएफ और पुलिस ने घटना के बाद रेस्क्यू अभियान चलाया है।

Uttarakhand Mussoorie road accident- India TV Hindi
मसूरी में दर्दनाक हादसा। Image Source : REPORTER

उत्तराखंड में पहाड़ों की रानी मसूरी में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे ने सभी को झकझोर कर रख दिया। झड़ीपानी कोलुखेत शार्टकट रोड में एक कार अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में चार लोग जिसमें 2 महिला और दो पुरुषों की मौके पर ही मौत हो गई है।घटना के बाद आइटीबीपी, एसडीआरएफ, पुलिस और फायर सर्विस की टीमों द्वारा युद्ध स्तर पर राहत एवं बचाव अभियान चलाया जा रहा है। शुरुआती जानकारी के अनुसार, ये हादसा कार का ब्रेक फेल होने के कारण हुआ है।

कैसे हुआ हादसा?

जानकारी के अनुसार सुबह करीब 9:16 बजे पुलिस कंट्रोल रूम 112 के माध्यम से कोतवाली मसूरी को सूचना मिली कि झड़ीपानी रोड पर एक कार गहरी खाई में गिर गई है। सूचना मिलते ही मसूरी पुलिस, एसडीआरएफ, फायर सर्विस और 108 एंबुलेंस की टीमें तत्काल मौके के लिए रवाना हुईं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सफेद रंग की मारुति सिलेरियो कार सड़क किनारे एक दुकान पर रुकी थी। कार में सवार लोग उत्तरकाशी से आने की बात बता रहे थे। दुकान से सामान खरीदने के बाद जैसे ही वे कार में बैठे, वाहन अचानक तीव्र ढलान की ओर तेजी से लुढ़कने लगा। चालक कार पर नियंत्रण नहीं रख सका और वाहन सड़क से नीचे खाली प्लॉट को पार करते हुए गहरी खाई में समा गया।

मृतकों की पहचान सामने आई

पुलिस जांच में कार में चार लोगों के सवार होने की पुष्टि हुई है। इनमें सत्यप्रकाश निवासी सोनीपत, मनीत (19 वर्ष), सविता (48 वर्ष) पत्नी धर्मवीर निवासी नेहरू नगर गाजियाबाद तथा संगीता (46 वर्ष) पत्नी टीटू निवासी करोलबाग, दिल्ली शामिल हैं। हादसे के बाद खाई की गहराई और घनी झाड़ियों के कारण राहत और बचाव कार्य में भारी मुश्किलें सामने आईं। घंटों की मशक्कत के बाद बचाव दल ने एक महिला का शव खाई से बाहर निकाल लिया। वहीं, अन्य लोगों की तलाश जारी है।

कार के ब्रेक फेल हुए थे

प्रथम दृष्टया जांच में सामने आया है कि सड़क की तीव्र ढलान पर कार के ब्रेक फेल हो गए थे, जिसके कारण वाहन अनियंत्रित होकर करीब 500 मीटर नीचे खाई में जा गिरा। हालांकि, पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है। घटना की गंभीरता को देखते हुए क्षेत्राधिकारी मसूरी और पुलिस अधीक्षक नगर देहरादून भी मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान की निगरानी की। पुलिस ने हादसे की सूचना मृतक और घायलों के परिजनों को दे दी है, जिसके बाद परिजन मसूरी के लिए रवाना हो गए हैं।

क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल

मसूरी में लगातार बढ़ते पर्यटक वाहनों और पहाड़ी मार्गों पर सुरक्षा मानकों को लेकर यह हादसा एक बार फिर गंभीर सवाल खड़े कर रहा है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तीव्र ढलानों वाले मार्गों पर वाहनों की तकनीकी जांच और सुरक्षा उपायों को और अधिक सख्ती से लागू किए जाने की आवश्यकता है।फिलहाल पूरे क्षेत्र में शोक और चिंता का माहौल है, जबकि सभी की निगाहें खाई में चल रहे रेस्क्यू ऑपरेशन पर टिकी हुई हैं। (रिपोर्ट: जितेंद्र नागवाल)

ये भी पढ़ें- उत्तरकाशी के दयारा बुग्याल ट्रैक से बबीता पांडे गायब, 12 दिन से तलाश जारी, 100 जवान सर्च ऑपरेशन में लगे

'जिनके संग ट्रैक पर गई, वो कुछ दिन पहले ही बने दोस्त', बबीता को याद कर फफक पड़ीं मां; 12 दिन से है लापता

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत