1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. समूचा उत्तर भारत सर्दी के आगोश में, शीतलहर के साथ और बढ़ेगी ठिठुरन, जानें अगले 24 घंटों में कहां होगी बारिश?

समूचा उत्तर भारत सर्दी के आगोश में, शीतलहर के साथ और बढ़ेगी ठिठुरन, जानें अगले 24 घंटों में कहां होगी बारिश?

 Written By: Deepak Vyas @deepakvyas9826
 Published : Dec 19, 2022 07:41 am IST,  Updated : Dec 19, 2022 07:41 am IST

उत्तर भारत में ठंड बढ़ने के साथ ही घना कोहरा भी छाया हुआ है। इस कारण विजिबिलिटी कम हो गई है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में शीतलहर का प्रकोप और बढ़ेगा। वहीं अगले 24 घंटों के दौरान देश के कई इलाकों में बारिश होने का अनुमान भी जताया गया है। राजधानी दिल्ली में भी न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है।

समूचा उत्तर भारत सर्दी के आगोश में- India TV Hindi
समूचा उत्तर भारत सर्दी के आगोश में Image Source : FILE

उत्तरी भारत के कई राज्यों में बेतहाशा ठंड बढ़ गई है। तापमान में लगातार गिरावट से बढ़ी सर्दी ने समूचे उत्तर भारत को अपने आगोश में ले रखा है। राजधानी दिल्ली में भी तापमान कम होने के कारण सर्दी का प्रकोप बढ़ गया है। सोमवार सुबह दिल्ली और राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र कोहरे की चादर में लिपटा हुआ है। मौसम विभाग के मुताबिक, अगले कुछ दिनों में कई राज्यों में शीतलहर की स्थिति देखी जा सकती है। शीतलहर के चलते उत्तर भारत के राज्यों में तीन से चार डिग्री तक तापमान में गिरावट नजर आने की संभावना है। आज के मौसम की बात करें तो दिल्ली, उत्तर प्रदेश, पंजाब समेत उत्तर भारत के राज्यों में घना कोहरा छाया है। इस कारण सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार भी धीमी पड़ी है।

अभी और बढ़ेगी शीतलहर की स्थिति

मौसम विभाग के हिमाचल प्रदेश, पंजाब, हरियाणा के कुछ हिस्सों और उत्तरी राजस्थान में एक या दो स्थानों पर शीतलहर की स्थिति बढ़ेगी। इससे तापमान में और गिरावट आने की संभावना है। साथ ही ठिठुरन भी बढ़ेगी। दिल्ली में 18 दिसंबर को न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। मौसम विभाग की मानें तो 19 दिसबंर यानी सोमवार को भी इनता ही तापमान बने रहने की संभावना है। वहीं, उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ में न्यूनतम तापमान 10 डिग्री तो अधिकतम तापमान 23 डिग्री सेल्सियस रह सकता है।

मौसम एजेंसी स्काईमेट एजेंसी के मुताबिक निम्न दबाव का क्षेत्र अब बंगाल की दक्षिण खाड़ी और इससे सटे हिंद महासागर के मध्य भागों पर स्थित है। संबंधित चक्रवाती परिसंचरण मध्य क्षोभमंडल स्तरों तक फैला हुआ है। इसके पश्चिम की ओर बढ़ने और अगले 24 घंटों के दौरान अपनी तीव्रता बनाए रखने की संभावना है। पश्चिम मध्य अरब सागर के ऊपर अच्छी तरह से चिन्हित कम दबाव का क्षेत्र संबंधित चक्रवाती परिसंचरण के साथ मध्य क्षोभमंडल स्तर तक फैला हुआ है। इसके दक्षिण-पश्चिम दिशा में आगे बढ़ने और और कमजोर होने की उम्मीद है।

जानिए अगले 24 घंटे कहां होगी बारिश?

अगले 24 घंटों के दौरान, अंडमान और निकोबार द्वीप समूह के दक्षिणी हिस्सों में एक या दो बार भारी बारिश के साथ हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है। अगले 24 घंटों के दौरान दक्षिण आंध्र प्रदेश और तमिलनाडु में हल्की बारिश हो सकती है। तीव्रता धीरे-धीरे बढ़ेगी और 20 से 22 दिसंबर के बीच तमिलनाडु में हल्की से मध्यम बारिश हो सकती है और कुछ स्थानों पर भारी बारिश हो सकती है। 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। National से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत