1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. ट्रिपल तलाक कानून के विरोध में केजरीवाल की पार्टी, राज्य सभा में नहीं करेंगे समर्थन

ट्रिपल तलाक कानून के विरोध में केजरीवाल की पार्टी, राज्य सभा में नहीं करेंगे समर्थन

 Written By: Bhasha
 Published : Dec 28, 2018 01:53 pm IST,  Updated : Dec 28, 2018 01:53 pm IST

संजय सिंह ने शुक्रवार को बताया कि मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक की कुप्रथा से निजात दिलाने के नाम पर मुस्लिम समाज के लोगों को डराने के लिये लाए गए इस विधेयक का पार्टी विरोध करेगी

AAP to oppose Triple Talaq Bill in Rajya Sabha- India TV Hindi
AAP to oppose Triple Talaq Bill in Rajya Sabha

नई दिल्ली। एक बार में तीन तलाक (तलाक-ए-बिद्दत) को अपराध घोषित करने के प्रावधान का विरोध करते हुये आम आदमी पार्टी (आप) ने कहा कि वह इससे जुड़े मुस्लिम महिला अधिकार संरक्षण विधेयक का उच्च सदन में समर्थन नहीं करेगी। राज्यसभा में आप के नेता संजय सिंह ने शुक्रवार को बताया कि मुस्लिम महिलाओं को तीन तलाक की कुप्रथा से निजात दिलाने के नाम पर मुस्लिम समाज के लोगों को डराने के लिये लाए गए इस विधेयक का पार्टी विरोध करेगी। 

उल्लेखनीय है कि यह विधेयक गुरुवार को लोकसभा में पारित हो गया और अब इसे उच्च सदन में लाया जायेगा। उम्मीद की जा रही है कि यह विधेयक अगले सप्ताह उच्च सदन में लाया जा सकता है। संसद भवन परिसर में सिंह ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘मोदी सरकार द्वारा पेश तीन तलाक विधेयक का मकसद मुस्लिम समाज को भयभीत करना है। उच्चतम न्यायालय ने जब तीन तलाक को अवैध घोषित कर दिया तो फिर सरकार द्वारा इसे आपराधिक घोषित करने की क्या मंशा है। किसी अन्य धर्म में जब तलाक अपराध नहीं है तो मुसलमानों को निशाना बनाने के लिये सरकार ऐसा कानून क्यों बनाना चाहती है।’’ 

उन्होंने कहा कि तीन तलाक को अपराध घोषित करने के बारे में न्यायालय के आदेश में कुछ नहीं कहा गया है इसलिये आप राज्यसभा में इस विधेयक का विरोध करेगी। सिंह ने कहा ‘‘मेरा मानना है कि अगर तीन तलाक बोल कर पत्नी को छोड़ना गलत है तो तीन तलाक बोले बगैर जिन लोगों ने अपनी पत्नी को छोड़ रखा है उनके लिये कानून कब बनेगा।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत