मुंबई: असदुद्दीन ओवैसी की पार्टी ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (एआईएमआईएम) को महाराष्ट्र में तगड़ा झटका लगा है। महाराष्ट्र राज्य चुनाव आयोग ने एआईएमआईएम समेत 191 राजनीतिक पार्टियों का पंजीकरण रद्द कर दिया है। वह अब स्थानीय निकाय चुनाव नहीं लड़ सकती है। पिछले साल राज्य के स्थानीय निकाय चुनावों में हिस्सा ले चुकी इस पार्टी की मान्यता जरूरी दस्तावेज जमा न करने के कारण रद्द कर दी गई है।
राज्य चुनाव आयोग के अनुसार, 'इन पार्टियों ने अपने इनकम टैक्स रिटर्न और ऑडिटिड एकाउंटस आयोग के पास जमा नहीं किए हैं, इसलिए इनकी मान्यता खत्म की जा रही है।'
ओवैसी की पार्टी ने हालांकि कहा है कि उसने तीन साल के इनकम टैक्स रिटर्न समेत सभी दस्तावेज जमा कराए हैं। एआईएमआईएम के एक नेता ने कहा, हम हैरान हैं और इस फैसले से हमें झटका लगा है। हमें लगता है कि इसके पीछे कोई राजनीतिक दबाव था।
एआईएमआईएम ने महाराष्ट्र में 2014 के विधानसभा चुनावों में दो सीटों पर जीत हासिल की थी और नांदेड़ तथा औरंगाबाद निगम चुनावों में भी उसे विजय प्राप्त हुई थी।