नई दिल्ली: अयोध्या मामले के सबसे उम्रदराज़ याचिकाकर्ता हाशिम अंसारी ने कहा है कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी एक धर्मनिर्पेक्ष नेता हैं जो कि छोटे नेताओं के चक्कर में आकर प्रभावित नहीं होते हैं। उनका ये बयान कई हिंदूवादी संगठनों की टिप्पणियों के बाद आया जिसमें उन्होंने कहा था कि, राम मंदिर भाजपा सरकार के कार्यकाल में ही बनेगा।
"जो नेता ऐसे बयान देते हैं वो पागल हैं"
92 वर्षीय अंसारी ने कहा कि, "जो नेता ऐसे बयान देते हैं वो पागल हैं.. उन्हें पता नहीं है कि देश कितना बड़ा है और देश का कानून कितना सख़्त है।" उन्होंने कहा कि, "मोदी की सरकार बहुत मजबूत है इतनी आसानी से नहीं जाएगी।"
अंसारी ने पहले कहा था कि, "हम प्रधानमंत्री से शांतीपूर्ण तरीके से बात करने को तैयार हैं अगर वे हमें इस बात का यकीन दिलाएं कि बाबरी मस्जिद मामले में दोषियों को सज़ा होगी।"
क्या कहा था साक्षी महाराज नें :
रविवार को साक्षी महाराज ने कहा था कि, "अयोध्या में राम मंदिर था और भविष्य में भी मौजूद होगा, यह काम 2019 लोकसभा चुनाव से पहले पूरा हो जाएगा" ।
मामला कोर्ट में विचाराधीन है: राजनाथ सिंह
इससे पहले गृह मंत्री राजनाथ सिंह और बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह समेत कई बीजेपी नेताओं ने ये साफ़ किया था कि मामला सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है और कोर्ट का फ़ैसला आने के बाद ही इस पर आगे का फ़ैसला लिया जाएगा।