1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. बिहार: भगवा रंग से रंगी कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा, RJD ने जताया विरोध

बिहार: भगवा रंग से रंगी कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा, RJD ने जताया विरोध

 Reported By: IANS
 Published : Jan 24, 2018 09:39 pm IST,  Updated : Jan 24, 2018 09:39 pm IST

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं ने दरभंगा शहर को भगवा झंडे से पाट दिया है...

karpuri thakur- India TV Hindi
karpuri thakur

दरभंगा: राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के प्रमुख मोहन भागवत के दरभंगा आगमन को लेकर आरएसएस के अति उत्साहित कार्यकर्ताओं ने शहर के एक चौराहे पर लगी पूर्व मुख्यमंत्री कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा को भगवा रंग में रंग दिया। इसे लेकर राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के कार्यकर्ता सड़क पर उतर गए और विरोध जताया।

पुलिस के एक अधिकारी ने बुधवार को कहा कि आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं ने दरभंगा शहर को भगवा झंडे से पाट दिया है। इसी दौरान आरएसएस के कार्यकर्ताओं ने कार्यक्रम स्थल के समीप चौराहे पर लगी कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा को भगवा रंग से रंग दिया। इसके बाद राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के कार्यकर्ताओं ने इसका विरोध प्रारंभ कर दिया।

राजद के जिला अध्यक्ष रामनेरश यादव के नेतृत्व में राजद के कार्यकर्ताओं ने कर्पूरी चौक पर प्रदर्शन किया और इस मामले में जिलाधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा। यादव ने भगवा को कट्टरवादियों का रंग बताते हुए इसे समाजवादियों को चिढ़ाने वाली कार्रवाई बताया है।

इधर, कुछ स्थानीय लोगों ने कहा कि नगर विधायक संजय सरावगी की अनुशंसा पर कर्पूरी चौक पर स्थित कर्पूरी ठाकुर की प्रतिमा के उपर छतरी आदि लगाने सहित कई निर्माण का कार्य चल रहा है। इसी के तहत मूर्ति पर भगवा जैसा रंग चढ़ाया गया है।

बिहार बुधवार को पूर्व मुख्यमंत्री और समाजवादी नेता कर्पूरी ठाकुर की जयंती मना रहा है। ठाकुर को 'भारत रत्न' देने की भी मांग उठते रही है। ठाकुर 22 दिसंबर 1970 से दो जून 1971 तथा 24 जून 1977 से 21 अप्रैल 1979 के दौरान दो बार बिहार के मुख्यमंत्री पद पर रहे थे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत