नई दिल्ली: RJD अध्यक्ष लालू प्रसाद बिहार चुनाव के लिए गठबंधन के मुद्दे पर चर्चा करने के मकसद से आज कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से मुलाकात करेंगे। वहीं शनिवार को बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने इस संबंध में राहुल गांधी से चर्चा की थी।
सूत्रों के मुताबिक, लालू प्रसाद और सोनिया गांधी बैठक दोपहर में होने की संभावना है। कहा जा रहा है कि कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी राज्य के लिए एक व्यापक धर्मनिरपेक्ष गठबंधन के पक्ष में हैं और उन्होंने इस बारे में पार्टी के विचार से नीतीश कुमार को अवगत करा दिया है।
बिहार में सत्ताधारी JDU और लालू प्रसाद के आरजेडी ने रविवार को राज्य में आगामी विधानसभा चुनाव गठबंधन में लड़ने का फैसला किया और सीटों के बंटवारे के लिए छह सदस्यीय एक समिति भी गठित कर दी।
इधर नीतीश कुमार ने रविवार को नई दिल्ली में कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी से उनके आवास पर मुलाकात की। नीतीश शनिवार को ही दिल्ली पहुंचे थे।
JDU अध्यक्ष शरद यादव भी बिहार में अन्य दलों के नेताओं के साथ बातचीत के तमाम दौर के बाद राजधानी वापस आ गए हैं। शरद यादव ने गुरुवार को कहा था कि RJD, JDU और कांग्रेस बिहार विधानसभा चुनाव मिलकर लड़ेंगे।