1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार मध्य प्रदेश को गर्त में ले गई है: विष्णु दत्त शर्मा

कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार मध्य प्रदेश को गर्त में ले गई है: विष्णु दत्त शर्मा

 Written By: Bhasha
 Published : Feb 15, 2020 07:32 pm IST,  Updated : Feb 15, 2020 07:32 pm IST
Vishnudutt- India TV Hindi
मध्यप्रदेश भाजपा के नए अध्यक्ष विष्णु दत्त शर्मा Image Source : TWITTER

छतरपुर/भोपाल। मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष बनने के कुछ ही घंटों बाद विष्णु दत्त शर्मा ने शनिवार को आरोप लगाया कि कमलनाथ के नेतृत्व वाली कांग्रेस सरकार राज्य को गर्त में ले गई है। शर्मा (49) का यह बयान मुख्यमंत्री कमलनाथ (73) द्वारा उन्हें मध्यप्रदेश भाजपा अध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई देने और प्रदेश के विकास में उनका सहयोग मांगने के कुछ ही मिनटों बाद आया है।

छतरपुर जिले स्थित खजुराहो के मतंगेश्वर मंदिर में पूजा करने के बाद शर्मा ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला करते हुए मीडियाकर्मियों से कहा, ‘‘कमलनाथ की सरकार आज मध्यप्रदेश को गर्त में ले गई है।’’ खजुराहो लोकसभा सीट से सांसद शर्मा ने मध्यप्रदेश भाजपा की कमान उन्हें सौंपे जाने पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केन्द्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा का आभार भी जताया।

मध्यप्रदेश की दो विधानसभा सीटों पर जल्द ही होने वाले उपचुनाव की ओर इशारा करते हुए उन्होंने कहा कि भाजपा हर चुनाव के लिए 24 घंटे तैयार रहने वाला संगठन है। वहीं, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री एवं प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष कमलनाथ ने ट्वीट किया, ‘‘प्रदेश के खजुराहो से सांसद विष्णुदत्त शर्मा को मध्यप्रदेश भाजपा के अध्यक्ष पद पर नियुक्त होने पर बहुत-बहुत बधाई। उम्मीद करता हूँ कि प्रदेश के विकास , प्रगति व प्रदेशवासियों की भलाई के लिये प्रदेश सरकार द्वारा किये जा रहे कार्यों में इनका सहयोग मिलेगा।’’ 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत