1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. सिद्धू को 'कप्तान' नियुक्त करने वाले कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं कैप्टन: सूत्र

सिद्धू को 'कप्तान' नियुक्त करने वाले कार्यक्रम में शामिल हो सकते हैं कैप्टन: सूत्र

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Jul 22, 2021 04:11 pm IST,  Updated : Jul 22, 2021 04:11 pm IST

पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह शामिल हो सकते हैं। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है।

Captain Amarinder Singh likely to be present when Navjot Singh Sidhu assumes office tomorrow: Source- India TV Hindi
पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में कैप्टन अमरिंदर सिंह शामिल हो सकते हैं। Image Source : PTI

चंडीगढ़: पंजाब कांग्रेस के नए अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू के पदभार ग्रहण कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह शामिल हो सकते हैं। समाचार एजेंसी एएनआई ने सूत्रों के हवाले से यह खबर दी है। नवजोत सिंह सिद्धू शुक्रवार को औपचारिक तौर पर पंजाब कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष का पद ग्रहण करेंगे। रविवार को कांग्रेस पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह की नाराजगी के बावजूद सिद्धू को पंजाब कांग्रेस कमेटी का अध्यक्ष नियुक्त कर दिया था।

पंजाब कांग्रेस के अध्यक्ष पद के लिए सिद्धू लंबे समय से लड़ाई लड़ रहे थे लेकिन मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह सिद्धू को अध्यक्ष पद देने के खिलाफ थे और इसी वजह से कई दिनों से कांग्रेस पार्टी की पंजाब इकाई में घमासान मचा हुआ था। लेकिन कैप्टन अमरिंदर सिंह की नाराजगी के बावजूद शीर्ष नेतृत्व ने सिद्धू को अध्यक्ष बनाया है और साथ में 4 कार्यकारी अध्यक्ष भी नियुक्त किए हैं। 

अध्यक्ष बनने के बाद सिद्धू ने पंजाब में शक्ति प्रदर्शन शुरू कर दिया है और बुधवार को सिद्धू पार्टी के कई विधायकों को अपने साथ अमृतसर लेकर गए थे जहां उन्होंने स्वर्ण मंदिर में माथा टेका। सिद्धू कैंप की तरफ से दावा किया गया था कि 65 विधायक उनके साथ गए थे लेकिन कैप्टन गुट के लोगों का कहना था कि 40-45 विधायक गए थे।

इंडिया टीवी को जानकारी मिली है कि नवजोत सिंह सिद्धू इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह को भी आमंत्रित करने जा रहा है। मोगा से विधायक डॉ वरजीत कमल ने इंडिया टीवी को बताया कि सिद्धू और चारों वर्किंग प्रेसिडेंट पदभार ग्रहण करने वाले कार्यक्रम में मुख्यमंत्री अमरिंदर सिंह को आमंत्रित करेंगे। उन्होंने बताया कि निमंत्रण पत्र का प्रारूप तैयार कर लिया गया है। सिद्धू और सुनील जाखड़ समेत अन्य अध्यक्षों ने उसपर हस्ताक्षर भी कर दिए हैं। इसे जल्द ही कैप्टन को भेजा जाएगा।

पार्टी आलाकमान द्वारा नवजोत सिंह सिद्धू को पंजाब कांग्रेस की कमान सौंपे जाने के बाद भी कैप्टन अमरिंदर सिंह उन्हें इस पद पर स्वीकार करने को राजी नहीं है। वह इस बात पर अड़े हुए हैं कि जब तक सिद्धू सार्वजनिक रूप से उनसे माफी नहीं मांगेंगे, वह उनसे नहीं मिलेंगे। वहीं, दूसरी ओर सिद्धू झुकने को राजी नहीं हैं।

इस बीच कैबिनेट मंत्री और नवजोत सिंह सिद्धू खेमे के नेता सुखजिंदर सिंह रंधावा ने कहा कि नवजोत सिंह सिद्धू की ताजपोशी को लेकर तैयारियां पूरी कर ली गई हैं और शुक्रवार को 11 बजे बतौर पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सिद्धू अपना कार्यभार संभालेंगे। 

इस दौरान पूर्व पंजाब कांग्रेस अध्यक्ष सुनील जाखड़ उन्हें कुर्सी पर बिठाएंगे। कांग्रेस के तमाम नेताओं, विधायकों और मंत्रियों को इस कार्यक्रम के लिए निमंत्रण भेजा गया है और कांग्रेस आलाकमान की तरफ से पंजाब कांग्रेस प्रभारी हरीश रावत और अन्य कई नेता दिल्ली से चंडीगढ़ आकर इस कार्यक्रम में शामिल होंगे। 

ये भी पढ़ें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत