1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. छत्तीसगढ़ मुठभेड़ में दो कमांडर समेत 4 नक्सली ढेर

छत्तीसगढ़ मुठभेड़ में दो कमांडर समेत 4 नक्सली ढेर

 Written By: IANS
 Published : Aug 18, 2016 06:56 am IST,  Updated : Aug 18, 2016 12:09 pm IST

जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में बुधवार सुबह नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में पुलिस ने दो कमांडर समेत चार वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया। मौके से भारी मात्रा में बंदूकें, विस्फोटक एवं नक्सली सामग्रियां जब्त

chhattisgarh- India TV Hindi
chhattisgarh

जगदलपुर: छत्तीसगढ़ के दंतेवाड़ा जिले में बुधवार सुबह नक्सलियों के साथ मुठभेड़ में पुलिस ने दो कमांडर समेत चार वर्दीधारी नक्सलियों को मार गिराया। मौके से भारी मात्रा में बंदूकें, विस्फोटक एवं नक्सली सामग्रियां जब्त की गई हैं। मुठभेड़ में एक जवान भी घायल हुआ है।

बस्तर आईजी एस.आर.पी. कल्लूरी एवं दंतेवाड़ा एसपी कमलोचन कश्यप ने बताया कि गादीरास थाना क्षेत्र के उब्बाकुन्ना गांव के जंगल में कैम्प एवं बड़ी संख्या में नक्सलियों के जमावड़े की सूचना पर 150 जवानों का संयुक्त बल रवाना किया गया था, जिसने योजनाबद्ध तरीके से इलाके की घेराबंदी शुरू कर दी। पुलिस की मौजूदगी भांपकर नक्सलियों ने गोलीबारी प्रारंभ कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस बल ने भी अविलंब मोर्चा संभालते हुए फायरिंग की। लगभग डेढ़-दो घंटे की मुठभेड़ बाद अंतत: नक्सलियों के हौसले पस्त हो गए और वे जंगल और पहाड़ी की आड़ लेकर भाग खड़े हुए।

अधिकारियों ने बताया कि घटनास्थल की तलाशी के दौरान 4 वर्दीधारी नक्सलियों के शव बरामद किए गए हैं, जिनमें से एक की 26 प्लाटून कमांडर मड़कम देवा एवं दूसरे की कटेकल्याण एरिया कमांडर मासा के रूप में शिनाख्त की गई है, शेष दो की शिनाख्त की जा रही है। मौके से चार 303, दो 12 बोर, दो 315 बोर बंदूक, नक्सली साहित्य, वायर, डेटोनेटर, बैनर-पोस्टर समेत ट्रैक्टर भर दैनिक उपयोग की वस्तुएं जब्त की गई हैं।

अधिकारियों ने बताया कि कैम्प में करीब 50-60 हथियारबंद नक्सली मौजूद थे। फोर्स को देखकर नक्सलियों ने हमला बोला, लेकिन तैयारी के साथ पहुंची फोर्स ने सफलता के साथ ऑपरेशन को अंजाम दिया। इस ऑपरेशन में एक जवान के घायल होने की सूचना है। जवान के कमर में गोली लगी है, हालांकि अब तक जवान के नाम का खुलासा नहीं हुआ है।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत