1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. जिस डाल पर बैठे थे, उसी को काट रहे थे चिराग, डाल तो कटी, वो भी गिरे- जीतन राम मांझी

जिस डाल पर बैठे थे, उसी को काट रहे थे चिराग, डाल तो कटी, वो भी गिरे- जीतन राम मांझी

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 11, 2020 02:18 pm IST,  Updated : Nov 11, 2020 02:18 pm IST

चिराग पासवान पर हमला करते हुए जीतन राम मांझी ने कहा कि चिराग साहब ने जिस फोल्ड में रहे उसे ही हराने और बर्बाद करने का काम किया। निश्चित तौर पर डाल तो कटी है लेकिन उसके साथ वो भी गिरे हैं और अपने चिराग से भस्म हो गए हैं।

 Chirag Paswan worked towards defeating the JDU BJP says Jitan Ram Manjhi ।  जिस डाल पर बैठे थे, उसी- India TV Hindi
जिस डाल पर बैठे थे, उसी को काट रहे थे चिराग, डाल तो कटी, वो भी गिरे- जीतन राम मांझी Image Source : TWITTER/ANI

पटना. बिहार विधानसभा चुनाव में एनडीए जीतने में कामयाब रही है। चुनाव में जदयू का प्रदर्शन पिछले कई बार के अपेक्षा बेहद खराब रहा। इसकी एक बड़ी वजह चिराग पासवान की एलजेपी रही। चिराग पासवान की पार्टी खुद तो महज 1 सीट जीत पाई लेकिन कई सीटों पर जदयू का बड़ा नुकसान कर दिया। अब चुनाव परिणाम स्पष्ट होने के बाद हिंदुस्तानी आवाम मोर्चा के जीतन राम मांझी ने उनपर बड़ा हमला बोला है। जीतन राम मांझी ने कहा, "जिस डाल पर बैठें और उसी डाल को काट दें तो हश्र क्या होता है... ठीक उसी प्रकार से चिराग साहब ने जिस फोल्ड में रहे उसे ही हराने और बर्बाद करने का काम किया। निश्चित तौर पर डाल तो कटी है लेकिन उसके साथ वो भी गिरे हैं और अपने चिराग से भस्म हो गए हैं।"

केसी त्यागी बोले- खुद बर्बाद हुए और हमें भी बर्बाद कर दिया

केसी त्यागी ने चिराग पासवान पर सीधा हमला किया और कहा कि चिराग पासवान एनडीए के सबसे बड़े दुश्मन रहे। चिराग खुद बर्बाद हुए और उन्हें भी बर्बाद कर दिया। केसी त्यागी ने कहा कि बिहार एनडीए का मतलब नीतीश कुमार है। पीएम मोदी से लेकर जेपी नड्डा तक सबने ये साफ किया है कि नीतीश ही मुख्यमंत्री बनेंगे। केसी त्यागी ने कहा, "हमारे खिलाफ बड़ी साजिशें थी। हमारे अपने भी और पराये भी सबका एजेंडा था नीतीश हटाओ, उनके खिलाफ अभियान चलाओ, 15 साल के कामों को नकारो और बिहार को अंधेरे युग में लेकर चले जाओ।" उन्होंने कहा, "इसमें हमारे विरोधी तो लगे थे और हमारे एक सहयोगी ने भी इसमें काम किया। लेकिन हमारे 15 साल के काम सब चीजों पर भारी पड़े और अंत मे एनडीए की जीत हुई।"

ये नरेंद्र मोदी की जीत है: चिराग पासवान
चुनाव परिणाम के बाद चिराग पासवान ने ट्वीट कर अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा, "बिहार की जनता ने आदरणीय नरेंद्र मोदी जी पर भरोसा जताया है। जो परिणाम आए हैं, उससे यह साफ़ है की भाजपा के प्रति लोगो में उत्साह है। यह प्रधानमंत्री आदरणीय नरेंद्र मोदी जी की जीत है। सभी लोजपा प्रत्याशी बिना किसी गठबंधन के अकेले अपने दम पर शानदार चुनाव लड़े। पार्टी का वोट शेयर बढ़ा है। लोजपा इस चुनाव में बिहार1st बिहारी1st के  संकल्प के साथ गई थी।पार्टी हर ज़िले में मज़बूत हुई है। इसका लाभ पार्टी को भविष्य में मिलना तय है। मुझे पार्टी पर गर्व है की सत्ता के लिए पार्टी झुकी नहीं।हम लड़े और अपनी बातों को जनता तक पहुँचाया। जनता के प्यार से इस चुनाव में पार्टी को बहुत मज़बूती मिली है। बिहार की जनता का धन्यवाद।"

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत