1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कांग्रेस की रैली में बोले तेजस्वी- नरेंद्र मोदी झूठ की 'फैक्ट्री', RSS 'रिटेलर'

कांग्रेस की रैली में बोले तेजस्वी- नरेंद्र मोदी झूठ की 'फैक्ट्री', RSS 'रिटेलर'

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 03, 2019 03:45 pm IST,  Updated : Feb 03, 2019 03:45 pm IST

तेजस्वी यादव ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झूठ की फैक्ट्री और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को उसका रिटेलर (खुदरा विक्रेता) बताया और कहा कि इन लोगों ने बिहार को ठगने का काम किया है।

tejashwi yadav- India TV Hindi
tejashwi yadav

पटना: बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री और राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के नेता तेजस्वी यादव ने यहां रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को झूठ की फैक्ट्री और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) को उसका रिटेलर (खुदरा विक्रेता) बताया और कहा कि इन लोगों ने बिहार को ठगने का काम किया है। कांग्रेस की तरफ से यहां गांधी मैदान में आयोजित जन आकांक्षा रैली में तेजस्वी ने लोगों को संबोधित करते हुए कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को प्रधानमंत्री के योग्य बताया। उन्होंने अपने पिता लालू प्रसाद के अंदाज में कहा, "बिहार के लोग उड़ती चिड़िया को हल्दी लगाने का काम करते हैं। ऐसे में यहां के लोग अगले चुनाव में बिहार को ठगने वाले से जरूर बदला लेंगे।"

उन्होंने नरेंद्र मोदी पर झूठ बोलकर लोगों को बरगलाने का आरोप लगाते हुए कहा, "उन्होंने बिहार को विशेष पैकेज और विशेष राज्य का दर्जा देने की बात की थी। लेकिन अबतक बिहार को कुछ नहीं मिला।" उन्होंने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया, "नरेंद्र मोदी अपने विरोधियों के खिलाफ केंद्रीय जांच ब्यूरो, आयकर विभाग को लगा देते हैं।"

तेजस्वी ने लालू प्रसाद को 'शेर' बताते हुए कहा कि कोई कुछ भी कर ले, लेकिन गरीबों की लड़ाई लड़ने वाले लालू को यहां के लोगों के दिलों से नहीं निकाल पाएंगे। उन्होंने कांग्रेस से सहयोगियों को साथ लेकर चलने की अपील की और कहा कि "कांग्रेस बड़ी पार्टी है, इस कारण उसकी जिम्मेदारी है कि वह सहयोगियों को साथ लेकर चले। अगर राहुल गांधी प्रधानमंत्री बने तो बिहार को उसका अधिकार दिलाने का काम किया जाएगा।"

इस रैली में बिहार महागठबंधन के सभी दलों के नेता भाग ले रहे हैं। रैली को कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भी संबोधित करेंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत