नई दिल्ली: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आगामी सोमवार यानी 27 अप्रैल को एक बार फिर वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक करेंगे। इस बैठक में लॉकडाउन के दूसरे चरण की समीक्षा होगी साथ ही आगे की रणनीति की भी चर्चा हो सकती है। इससे पहले लॉकडाउन-1 के दौरान भी पीएम मोदी ने राज्यों के मुख्यमंत्रियों के साथ बैठक कर कोरोना वायरस को लेकर पैदा हुए हालात और लॉकडाउन की अवधि बढ़ाने को लेकर चर्चा की थी। इस बैठक में सहमति बनने के बाद ही 14 अप्रैल की सुबह देश की जनता को संबोधित करते हुए पीएम मोदी ने लॉकडाउन की अवधि तीन मई तक बढ़ाने का ऐलान किया था।
गौरतलब है कि देशभर में कोरोना वायरस के पॉजिटिव मामलों की संख्या बढ़कर 20,471 हो गई है, इसमें 15,859 सक्रिय मामले हैं। देश में 3959 लोग ठीक हो गए हैं, जिन्हें अस्पताल से डिस्चार्ज कर दिया गया है जबकि कुल 652 लोगों की कोरोना वायरस के कारण मौत हो चुकी है। यह आंकड़े स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्रालय की ओर से जारी किये गए हैं। वहीं, कोरोना वायरस पर पिछले 24 घंटे की जानकारी देते हुए मंत्रालय ने बताया कि इस दौरान 1,486 नए मामले सामने आए हैं और 49 मौतें हुई हैं।