1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. कन्हैया कुमार की जन-गण-मन यात्रा समाप्त, रैली में किया गांधी और गोडसे का जिक्र

कन्हैया कुमार की जन-गण-मन यात्रा समाप्त, रैली में किया गांधी और गोडसे का जिक्र

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Feb 28, 2020 07:51 am IST,  Updated : Feb 28, 2020 07:51 am IST

भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता कन्हैया कुमार ने गुरुवार को पटना में कहा कि आज सरकार कन्हैया और कमरान को लड़ाना चाहती है।

Kanhaiya Kumar, Kanhaiya Kumar Yatra, Kanhaiya Kumar Beaten, Kanhaiya Kumar Poison- India TV Hindi
CPI leader Kanhaiya Kumar accuses Centre of trying to divide the people and spread 'poison' | PTI

पटना: भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के नेता कन्हैया कुमार ने गुरुवार को पटना में कहा कि आज सरकार कन्हैया और कमरान को लड़ाना चाहती है। उन्होंने कहा कि अब देश को तय करना होगा कि वह महात्मा गांधी के साथ चलेगा या वह गोडसे के साथ है। कन्हैया ने कहा कि उनकी 'जन गण मन यात्रा' किसी को नेता बनाने के लिए नहीं है बल्कि यह जनता और देश के गणतंत्र को बचाने के लिए है। पटना के ऐतिहासिक गांधी मैदान में गुरुवार को 'संविधान बचाओ, नागरिकता बचाओ' महारैली में कन्हैया कुमार ने केंद्र सरकार पर जमकर सियासी हमला बोला।

‘कन्हैया और कामरान को लड़ा रही है आईटी टीम’

बिहार की राजधानी में कन्हैया ने कहा, ‘आज एक तरफ भगत सिंह और अंबेडकर को मानने वाले लोग हैं तो दूसरी ओर गोडसे को माननेवाले लोग हैं। इन लोगों ने एक ऐसी टीम बना रखी है जो गोयबल्स को भी फेल कर रही है। इनकी आइटी टीम मोबाइल का इस्तेमाल कर कन्हैया और कामरान को लड़ा रही है।’ उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि हमें सिर्फ इसपर अडिग रहना है कि NPR भी वापस होने तक हमें आंदोलन जारी रखना है। उन्होंने ‘बिहार मांगे रोजगार, नहीं चाहिए NPR’ का नारा बुलंद करते हुए बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर भी निशाना साधा।

‘देश में संवैधानिक अधिकार छीने जा रहे हैं’
जवाहर लाल नेहरू विश्वविद्यालय के पूर्व छात्रसंघ अध्यक्ष ने कहा, ‘NPR को 2010 के प्रारूप में ही करवाने का प्रस्ताव पास करवाने से कुछ नहीं होगा, इसका गजट नोटिफिकेशन वापस नहीं हुआ है। हमें किसी सरकार से कोई उम्मीद नहीं है।’ कन्हैया ने कहा कि आज लोगों में बंटवारा कर सत्ता में बने रहने की नीति चल रही है। उन्होंने कहा, ‘अंग्रेजों ने साजिश के तहत देश का बंटवारा किया। इस देश में जो मुसलमान रहे वे जिन्ना के साथ नहीं गए, बल्कि गांधी के साथ रहे। आज बड़ी चालाकी से गांधी जिंदाबाद कहनेवालों को देशद्रोही कहा जा रहा है। खुलेआम देश के भीतर लोगों के संवैधानिक अधिकार छीने जा रहे हैं।’

‘जन गण मन यात्रा’ का हुआ समापन
उन्होंने कहा कि आज अंबेडकर की समानता और गांधी की महानता की जरूरत है। कपिल मिश्रा पर देशद्रोह का मुकदमा नहीं हुआ, लेकिन कोई सच बोलेगा तो उसपर देशद्रोह का मुकदमा कर दिया जाएगा। इस मौके पर दिल्ली हिंसा की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि वहां राजनीतिक दल आग लगा रहे है। दिल्ली हिंसा के शिकार लोगों की आत्मा की शांति के लिए 2 मिनट का मौन भी रखा गया। इससे पहले कन्हैया जन गण मन यात्रा पर बिहार के कई जिलों का दौरा और 50 से ज्यादा जनसभाओं को संबोधित कर चुके हैं। इस महारैली के साथ इस यात्रा का समापन हो गया।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत