1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. नीतीश का शपथ ग्रहण समारोह आज, तेजस्वी हो सकते हैं उप मुख्यमंत्री

नीतीश का शपथ ग्रहण समारोह आज, तेजस्वी हो सकते हैं उप मुख्यमंत्री

 Written By: India TV News Desk
 Published : Nov 20, 2015 06:40 am IST,  Updated : Nov 20, 2015 02:57 pm IST

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पटना के गांधी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नीतीश कुमार फिलहाल बिहार के कार्यवाहक मुख्यमंत्री हैं और वो बिहार की राजनीतिक हलचल के प्रमुख गवाह रहे

नीतीश का शपथ ग्रहण आज,...- India TV Hindi
नीतीश का शपथ ग्रहण आज, तेजस्वी होंगे उप मुख्यमंत्री!

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार आज पटना के गांधी मैदान में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे। नीतीश कुमार फिलहाल बिहार के कार्यवाहक मुख्यमंत्री हैं और वो बिहार की राजनीतिक हलचल के प्रमुख गवाह रहे गांधी मैदान में रिकॉर्ड पांचवीं बार प्रधानमंत्री पद की शपथ लेंगे। नीतीश ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को अपने शपथ ग्रहण समारोह में आने का न्योता भेजा है लेकिन प्रधानमंत्री खुद न आकर अपने प्रतिनिधियों को भेजेंगे। वहीं चर्चा यह भी तेज है कि आरजेडी अध्यक्ष लालू प्रसाद यादव के बेटे तेजस्वी को डिप्टी सीएम बनाया जा सकता है। गौरतलब है कि महागठबंधन की प्रचंड जीत में लालू यादव की पार्टी की महती भूमिका रही है।

शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी भी होंगे शामिल

समारोह में विजयी महागठबंधन में शामिल कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा, राकांपा प्रमुख शरद पवार, नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे तथा राज्यसभा में कांग्रेस के नेता गुलाम नबी आजाद समेत विभिन्न नेता शामिल होंगे। बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू-राजद-कांग्रेस महागठबंधन की शानदार जीत की इबारत लिखने वाले लालू प्रसाद यादव, जदयू अध्यक्ष शरद यादव भी इस मौके पर उपस्थिति होंगे। शपथ ग्रहण समारोह दोपहर 2 बजे होगा।

वेंकैया नायडू, राजीव प्रतीप रूडी प्रधानमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में होंगे शामिल

नीतीश के शपथ ग्रहण समारोह में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी खुद तो नहीं आएंगे लेकिन वो अपने प्रतिनिधियों को समारोह में भेजेंगे। केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू और राजीव प्रतीप रूडी उनके प्रतिनिधि के तौर पर समारोह में मौजूद होंगे।

कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी रहेंगे मौजूद

कांग्रेस शासित छह राज्यों के मुख्यमंत्री भी समारोह में शामिल होंगे। इनमें हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई, सिक्किम के मुख्यमंत्री पी के चामलिंग, मणिपुर के मुख्यमंत्री ओ इबोबी सिंह और अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री नबाम तुकी शामिल हैं।

उद्भव ठाकरे खुद नहीं आएंगे

समारोह में भाजपा की गठबंधन सहयोगी शिवसेना की उपस्थिति सबसे उल्लेखनीय होगी। शिवसेना ने न्योता स्वीकार कर महाराष्ट्र के अपने दो मंत्रियों- रामदास कदम और सुभाष देसाई को इस समारोह में भेजने का निर्णय लिया है।

उमर अब्दुल्ला, अभय चौटाला और अजित सिंह भी दर्ज कराएंगे उपस्थिति

जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के अलावा शीला दीक्षित, भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, अजित जोगी, बाबू लाल मरांडी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन तथा शंकर सिंह वाघेला भी समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष अजित सिंह तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री और राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल भी समारोह में शामिल होंगे।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत