1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. केजरीवाल बताएं, केंद्र ने उनको क्या काम नहीं करने दिया : सतीश उपाध्याय

केजरीवाल बताएं, केंद्र ने उनको क्या काम नहीं करने दिया : सतीश उपाध्याय

 Written By: PTI
 Published : Jun 07, 2015 03:03 pm IST,  Updated : Jun 07, 2015 03:05 pm IST

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार और उपराज्यपाल में चल रहे टकराव के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उप राज्यपाल नजीब जंग पर खुलकर हमला किए जाने के बाद भाजपा

केजरीवाल को किसने काम...- India TV Hindi
केजरीवाल को किसने काम करने से रोका ?

नई दिल्ली : दिल्ली सरकार और उपराज्यपाल में चल रहे टकराव के बीच मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और उप राज्यपाल नजीब जंग पर खुलकर हमला किए जाने के बाद भाजपा की दिल्ली इकाई ने रविवार को उन पर पलटवार करते हुए कहा कि केजरीवाल की भाषा ‘अमर्यादित, अलोकतांत्रिक और असंसदीय’ है।

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष सतीश उपाध्याय ने कहा, ‘‘प्रधानमंत्री, उप राज्यपाल और दूसरी पार्टी के अध्यक्ष (अमित शाह) के बारे में केजरीवाल ने जिस भाषा का उपयोग किया है कि वह अमर्यादित, अलोकतांत्रिक और असंसदीय है। मुख्यमंत्री के पद पर बैठे व्यक्ति की ओर से इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना पूरी तरह से लोकतंत्र के खिलाफ है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘केजरीवाल की भाषा में अहंकार झलकता है। वह कहते हैं कि वह राहुल गांधी नहीं हैं। वह राहुल गांधी के बारे में पता नहीं क्या कहना चाहते हैं। हमारा सवाल है कि इस तरह की भाषा का इस्तेमाल करना क्या राजनीतिक परिपक्वता है?’’

पिछले दिनों केजरीवाल ने एनडीटीवी को दिए साक्षात्कार में मोदी, जंग और अमित शाह पर निशाना साधते हुए था कि ‘चुनाव में हार के बाद केंद्र की भाजपा सरकार दिल्ली के लोगों से बदला ले रही है।’ केजरीवाल और नजीब जंग के बीच टकराव हाल ही में उस वक्त शुरू हुआ था जब उप राज्यपाल ने शकुंतला गैमलिन को कार्यवाहक मुख्य सचिव नियुक्त किया था।

उपाध्याय ने केजरीवाल सरकार के इस आरोप को खारिज कर दिया कि केंद्र की मोदी सरकार उसके काम में अवरोध पैदा कर रही है। उन्होंने कहा, ‘‘केजरीवाल हमें इस बात का जवाब दें कि केंद्र सरकार उनको क्या काम नहीं करने दे रही है? अगर 10 दिनों के लिए कोई अधिकारी कार्यवाहक भूमिका में नियुक्त होता है तो क्या आप कहेंगे आपको काम नहीं करने दिया जा रहा है।’’

दिल्ली भाजपा के अध्यक्ष ने कहा, ‘‘दिल्ली केंद्र शासित राज्य है और उनको इसी के मुताबिक काम करना चाहिए। उप राज्यपाल संविधान के अनुरूप काम कर रहे हैं। ये लोग सिर्फ आरोप लगा रहे हैं। आरोप लगाना इनकी आदत है।’’

उन्होंने कहा, ‘‘दिल्ली की जनता परेशान है। विकास कार्य ठप्प है। भाजपा दिल्ली के लोगों के लिए संघर्ष करेगी और यहां अराजकता नहीं होने देगी।’’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।