पटना: राष्ट्रीय जनता दल (RJD) के अध्यक्ष लालू प्रसाद ने यहां मंगलवार को जनता दल (युनाइटेड) के अध्यक्ष नीतीश कुमार के उस बयान का समर्थन किया, जिसमें उन्होंने सभी राजनीतिक दलों से राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया है। लालू ने नीतीश के बयान का समर्थन करते हुए कहा कि अगर ऐसा नहीं हुआ तो आरएसएस देश तोड़ देगा।
पटना में पत्रकारों से चर्चा के दौरान लालू ने केंद्र सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि आरएसएस के मार्गदर्शन पर चलने वाली केंद्र सरकार को जनहित से कोई मतलब नहीं है। देश में सूखा पड़ा है, पानी का संकट है, लेकिन सरकार को कोई फिक्र नहीं है।
बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री ने कहा, "नीतीश कुमार ठीक कह रहे हैं। यह राष्ट्रहित की बात है। अगर सभी एक नहीं हुए, तो आरएसएस देश को तोड़ देगा।"
गौरतलब है कि नीतीश ने दो दिन पहले आरएसएस की विचारधारा का विरोध करने वाले सभी राजनीतिक दलों से एकजुट होने का आह्वान किया था।