1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. मध्य प्रदेश: बीजेपी ने कसा तंज, कहा- दिग्विजय को देखना तक पसंद नहीं करते कांग्रेस विधायक

मध्य प्रदेश: बीजेपी ने कसा तंज, कहा- दिग्विजय को देखना तक पसंद नहीं करते कांग्रेस विधायक

 Edited By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Mar 19, 2020 07:20 am IST,  Updated : Mar 19, 2020 07:26 am IST

मध्य प्रदेश में मचे सियासी घमासान के बीच दोनों पार्टियों के नेता एक-दूसरे पर हमला बोलने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं।

Digvijay Singh- India TV Hindi
Digvijay Singh

सीहोर: मध्य प्रदेश में मचे सियासी घमासान के बीच दोनों पार्टियों के नेता एक-दूसरे पर हमला बोलने का कोई मौका नहीं छोड़ रहे हैं। सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष वी. डी. शर्मा ने कांग्रेस नेता और पूर्व मुख्यमंत्री दिग्विजय सिंह पर तंज सका है। दोनों नेताओं ने कहा कि बेंगलुरु में डेरा डाले कांग्रेस के विधायक तो दिग्विजय सिंह को देखना तक पसंद नहीं करते। बता दें कि दिग्विजय बुधवार को बेंगलुरु में कांग्रेस विधायकों से मिलने गए थे, लेकिन विधायकों ने उनसे मिलने से इनकार कर दिया।

‘हुड़दंग गैंग लेकर बेंगलुरु पहुंचे दिग्विजय’

दोनों नेताओं ने सीहोर में में कहा, ‘पूर्व मुख्यमंत्री श्री दिग्विजय सिंह, जिन्होंने मध्यप्रदेश का बंटाधार किया था, आज अपनी हुडदंग गैंग लेकर बेंगलुरु पहुंच गए हैं। भाजपा ने पहले ही कहा था कि इस सरकार को गिराएंगे नहीं। भाजपा को 109 और कांग्रेस को 114 सीटें मिली। हम चाहते तो उसी दिन सरकार बनाने के प्रयास कर सकते थे। हमने तय किया कि वोट भले ही हमारे ज्यादा है, मगर सीटें जिसकी ज्यादा है वह सरकार बनाए। कांग्रेस सरकार अपने अंतर्विरोधों के कारण गिर जाए तो कुछ नहीं किया जा सकता है।’

‘मंत्रिमंडल में बेटा-भतीजा सब शामिल हो गए’
उन्होंने कहा, ‘दिग्विजय सिंह बेंगलुरु गए विधायकों से मिलना चाहते हैं। जबकि वही विधायक कह रहे हैं कि हम दिग्विजय सिंह से बात करना तो दूर देखना भी पंसद नहीं करते हैं।’ पूर्व मुख्यमंत्री चौहान ने कहा, ‘कांग्रेस ने परिवार के सदस्यों को मंत्रिमंडल में ले लिया। बेटा-भतीजा सब शामिल हो गए। वरिष्ठों की किसी ने नहीं सुनी और आरोप हम पर लगाते हैं।’

‘हमारे कार्यकर्ता जवाब देना जानते हैं’
पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष शर्मा ने कहा, ‘कांग्रेस की हुड़दंग गैंग ने प्रदेश सहित बेंगलुरु में भी जाकर विधायकों पर दबाव बनाने का प्रयास किया है। हमारे कार्यकर्ता अपनी शक्ति और क्षमता के आधार पर केवल लड़ाई लड़ना नहीं जानते, बल्कि इन्हें ठीक से जवाब देना भी जानते हैं। हम सुप्रीम कोर्ट पर विश्वास रखते हैं। न्यायालय का जो आदेश होगा, पार्टी उसका परिपालन करेंगी।’

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत