1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. महाराष्ट्र: सीएम देवेंद्र फडणवीस से मिले अजित पवार, इस खास मुद्दे पर की चर्चा

महाराष्ट्र: सीएम देवेंद्र फडणवीस से मिले अजित पवार, इस खास मुद्दे पर की चर्चा

 Written By: IndiaTV Hindi Desk
 Published : Nov 24, 2019 11:47 pm IST,  Updated : Nov 24, 2019 11:54 pm IST

महाराष्ट्र में जारी सियासी घमासान के बीच रविवार रात सूबे के डिप्टी सीएम और एनसीपी नेता अजित पवार ने सीएम देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की।

Ajit Devendra- India TV Hindi
File Photo Image Source : PTI

मुंबई। महाराष्ट्र में जारी सियासी घमासान के बीच रविवार रात सूबे के डिप्टी सीएम और एनसीपी नेता अजित पवार ने सीएम देवेंद्र फडणवीस से मुलाकात की। अजित रात करीब दस बजे अपने निवास से निकले और सवा दस बजे सीएम देवेंद्र फडणवीस के आवास पर पहुंचे। दोनों के बीच हुई मुलाकात करीब 45 मिनट तक चली। मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास पर हुई इस बैठक में भाजपा के वरिष्ठ नेता चंद्रकांत पाटिल, विनोद तावड़े और गिरीश महाजन शामिल थे।

मुलाकात के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री कार्यालय ने जानकारी दी कि सीएम देवेंद्र फडणवीस और डिप्टी सीएम अजीत पवार ने बारिश से प्रभावित किसानों को अतिरिक्त सहायता और सहायता के लिए विभिन्न उपायों पर मुलाकात की और चर्चा की। आगे मुख्य सचिव और वित्त सचिव के साथ इस पर चर्चा की जाएगी।

इससे पहले आज दिन में उच्चतम न्यायालय ने कांग्रेस, राकांपा और शिवसेना की संयुक्त याचिका पर केंद्र, महाराष्ट्र सरकार, फडणवीस और अजित पवार को नोटिस जारी किया था। इस याचिका में भाजपा को सरकार बनाने के लिये आमंत्रित करने के राज्यपाल के 23 नवंबर के आदेश को रद्द करने की मांग की गई है।

NCP ने विधायकों को मुंबई के दूसरे होटल में स्थानांतरित किया

राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (राकांपा) ने रविवार देर रात अपने विधायकों को उपनगरीय रिजॉर्ट से मुंबई के दूसरे होटल में स्थानांतरित कर दिया। विधायकों को बस से पवई के होटल रेनेसा से दूसरे होटल ले जाया गया। राकांपा नेता अजित पवार के भाजपा के साथ हाथ मिलाने और उप मुख्यमंत्री पद की शपथ लेने के बाद शनिवार रात से राकांपा विधायक होटल रेनेसा में थे।

अभी तक यह स्पष्ट नहीं है कि राकांपा के कितने विधायक होटल में हैं। पार्टी ने 288 सीटों के लिए हुए विधानसभा चुनाव में 54 सीटों पर जीत दर्ज की थी। माना जा रहा है कि शिवसेना भी अपने विधायकों को दूसरे होटल में स्थानांतरित कर सकती है। फिलहाल उसके विधायक मुंबई हवाई अड्डे के नजदीक ललित होटल में रुके हुए हैं। इस बीच भाजपा को समर्थन देने की घोषणा करने वाले निर्दलीय विधायक रवि राणा ने दावा किया कि शिवसेना जल्द “बड़े झटके” का सामना करेगी। राणा के मुताबिक फडणवीस को 175 विधायकों का समर्थन हासिल है। (भाषा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत