दरभंगा: बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने बिहार विधानसभा चुनाव के अंतिम चरण के लिए प्रचार के आखिरी दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 'अच्छे दिन' लाने के वादे पर तंज कसते हुए कहा कि देशवासियों के लिए यही अच्छे दिन आ गए कि खाने की थाली से दाल गायब हो गई।
दरभंगा के हायाघाट में एक चुनावी सभा को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अब अच्छे दिन की बात नहीं करते। उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव के 14 महीने के बाद मोदी को बिहार की याद आई और अब फिर अगले चुनाव के समय ही उन्हें बिहार की याद आएगी।
नीतीश ने कहा कि प्रधानमंत्री या तो विदेश यात्रा पर रहते हैं या 'प्रचार यात्रा'। फिर भी देश की विदेश नीति तार-तार हो गई। उन्होंने प्रधानमंत्री पर आरोप लगाया कि गलत विदेश नीति के कारण ही आज पड़ोसी देश नेपाल में भारत का विरोध हो रहा है।
उन्होंने लोगों से भाजपा के झांसे में न आने की अपील करते हुए कहा कि जो लोकसभा चुनाव में किए वादे न पूरा कर पाए उससे कोई उम्मीद करना बेमानी है। मुख्यमंत्री ने कहा, "जब हम भाजपा के साथ गठबंधन में थे, तो ये लोग मेरी बड़ाई करते नहीं थकते थे, अब मेरी बुराई करते नहीं थकते।"