1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. JD (U) की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में नीतीश की 'ताजपोशी'

JD (U) की राष्ट्रीय परिषद की बैठक में नीतीश की 'ताजपोशी'

 Written By: IANS
 Published : Apr 23, 2016 02:34 pm IST,  Updated : Apr 23, 2016 03:56 pm IST

बिहार में JD(U) की पटना में शनिवार को हो रही एक दिवसीय राष्ट्रीय परिषद की बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में विधिवत ताजपोशी हुई।

nitish kumar- India TV Hindi
nitish kumar

पटना: बिहार में सत्ताधारी जनता दल (युनाइटेड) की पटना में शनिवार को हो रही एक दिवसीय राष्ट्रीय परिषद की बैठक में बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में विधिवत ताजपोशी हुई। बैठक की अध्यक्षता करते हुए निवर्तमान अध्यक्ष शरद यादव ने राष्ट्रीय अध्यक्ष के रूप में नीतीश कुमार के चयन पर मुहर लगाने के लिए अनुमोदन का प्रस्ताव रखा, जिसका उपस्थित सभी पार्टी जनों ने समर्थन किया। इसके साथ ही नीतीश पार्टी के विधिवत राष्ट्रीय अध्यक्ष बन गए।

नीतीश को गत 11 अप्रैल को दिल्ली में ओजित राष्ट्रीय कार्यकारिणी की बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष चुना गया था।

नीतीश कुमार के अध्यक्ष बनने के बाद पार्टी के निवर्तमान अध्यक्ष शरद यादव ने कहा कि पार्टी में अब इंकलाब लाने की जरूरत है। इसके लिए अगले 15 दिनों में इसका खाका तैयार कर लिया जाएगा। उन्होंने कहा कि पार्टी को अगर वाजिब रास्ता पकड़ना है तो पुरखों (पार्टी के पूर्वजों) के विचारों को मजबूती के साथ आगे बढ़ाना होगा। उन्होंने अपने अध्यक्ष काल में सहयोग देने के लिए सभी पार्टीजनों को धन्यवाद दिया।

उन्होंने कहा कि जद (यू) ही एक ऐसी पार्टी है जो समाजिक व आर्थिक विषमता को साथ लेकर चलती है। यह पार्टी समाजिक न्याय की विचारधारा का पालन करती है।

पटना के श्रीकृष्ण मेमोरियल हॉल में जारी जद (यू) राष्ट्रीय परिषद की बैठक में 28 राज्यों के 600 प्रतिनिधि हिस्सा ले रहे हैं। बैठक में पार्टी के तमाम दिग्गज नेता भी शामिल हैं। जदयू की बैठक में विशेष रूप से आमंत्रित सदस्यों को जगह दी गई है। जद (यू) के एक नेता ने बताया कि इस बैठक में देश के राजनीतिक हालात और पार्टी के राष्ट्रीय स्तर पर रणनीति बनाने पर विचार होगा।

जद (यू) के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि नीतीश के निश्चय सिर्फ बिहार ही नहीं, बल्कि पूरे देश के लिए प्रासंगिक हैं। जद (यू) के नेतृत्व के लिए नीतीश से बेहतर कोई नहीं हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत