1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. राहुल गांधी, लालू की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे नीतीश कुमार

राहुल गांधी, लालू की मौजूदगी में मुख्यमंत्री पद की शपथ लेंगे नीतीश कुमार

 Written By: India TV News Desk
 Published : Nov 19, 2015 07:32 pm IST,  Updated : Nov 20, 2015 06:49 am IST

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री पद की लगातार तीसरी बार कमान संभालने जा रहे नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में बहुत से जाने

नीतीश के शपथ ग्रहण...- India TV Hindi
नीतीश के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी

पटना: बिहार के मुख्यमंत्री पद की लगातार तीसरी बार कमान संभालने जा रहे नीतीश कुमार के शपथ ग्रहण समारोह की तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। कल होने वाले शपथ ग्रहण समारोह में बहुत से जाने माने लोग मौजूद रहेंगे, ये अलग बात है कि उनमें ज्यादातर गैर भाजपाई होंगे, जो देश की सियासत में नये समीकरणों का संकेत है।

शपथ ग्रहण समारोह में राहुल गांधी भी होंगे शामिल

यहां गांधी मैदान में शपथ ग्रहण समारोह की तमाम तैयारियां पूरी हो चुकी हैं। समारोह में विजयी महागठबंधन में शामिल कांग्रेस के उपाध्यक्ष राहुल गांधी, पूर्व प्रधानमंत्री एच डी देवेगौड़ा, राकांपा प्रमुख शरद पवार, नेशनल कांफ्रेंस के अध्यक्ष फारूक अब्दुल्ला और लोकसभा में कांग्रेस के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे तथा राज्यसभा में कांग्रेस के नेता गुलाम नबी आजाद समेत विभिन्न नेता शामिल होंगे। बिहार विधानसभा चुनाव में जदयू-राजद-कांग्रेस महागठबंधन की शानदार जीत की इबारत लिखने वाले लालू प्रसाद यादव, जदयू अध्यक्ष शरद यादव भी इस मौके पर उपस्थिति होंगे।

वेंकैया नायडू, राजीव प्रतीप रूडी प्रधानमंत्री के प्रतिनिधि के रूप में होंगे शामिल

चुनाव के दौरान नीतीश कुमार-लालू गठबंधन के खिलाफ आक्रामक प्रचार करने वाले प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भी मुख्यमंत्री ने समारोह में आने का न्यौता दिया था, लेकिन वह किसी कारण शिरकत नहीं कर पाएंगे। वैसे केंद्रीय मंत्री वेंकैया नायडू और राजीव प्रतीप रूडी उनके प्रतिनिधि के तौर पर समारोह में मौजूद होंगे।

कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री भी रहेंगे मौजूद

कांग्रेस शासित छह राज्यों के मुख्यमंत्री समारोह में शामिल होंगे। इनमें हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह, कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धरमैया, असम के मुख्यमंत्री तरूण गोगोई, सिक्किम के मुख्यमंत्री पी के चामलिंग, मणिपुर के मुख्यमंत्री ओ इबोबी सिंह और अरूणाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री नबाम तुकी शामिल हैं। माकपा महासचिव सीताराम येचुरी, भाकपा के डी राजा और द्रमुक के एम के स्टालिन ने भी शपथ ग्रहण समारोह में आने की पुष्टि की है। माकपा और भाकपा ने जदयू की अगुवाई वाले गठबंधन के खिलाफ चुनाव लड़ा था, लेकिन मिजाज से ये दोनो पार्टियां भाजपा विरोधी हैं।

उद्भव ठाकरे खुद नहीं आएंगे, 2 मंत्रियों को भेजेंगे

समारोह में भाजपा की गठबंधन सहयोगी शिवसेना की उपस्थिति सबसे उल्लेखनीय होगी। शिवसेना ने न्योता स्वीकार कर महाराष्ट्र के अपने दो मंत्रियों- रामदास कदम और सुभाष देसाई को इस समारोह में भेजने का निर्णय लिया है। स्वयं शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे को कुमार ने आने का न्यौता दिया था लेकिन उन्होंने आने में असमर्थता जताई।

उमर अब्दुल्ला, अभय चौटाला और अजित सिंह भी दर्ज कराएंगे उपस्थिति

जम्मू कश्मीर के पूर्व मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के अलावा शीला दीक्षित, भूपेन्द्र सिंह हुड्डा, अजित जोगी, बाबू लाल मरांडी, झारखंड मुक्ति मोर्चा के हेमंत सोरेन तथा शंकर सिंह वाघेला भी समारोह की शोभा बढ़ाएंगे। राष्ट्रीय लोकदल के अध्यक्ष अजित सिंह तथा पूर्व केंद्रीय मंत्री और राकांपा नेता प्रफुल्ल पटेल भी समारोह में शामिल होंगे। इंडियन नेशनल लोकदल के अभय चौटाला, बीबीएम नेता प्रकाश अम्बेडकर , प्रख्यात अधिवक्ता राम जेठमलानी, राज बब्बर और एच के दुआ के नाम भी मेहमानों की सूची में शामिल हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत