नई दिल्ली: सीएम अरविंद केजरीवाल ने सिविल लाइन्स इलाके के राजकीय प्रतिभा विकास विद्यालय में बच्चों को दिल्ली को प्रदूषण मुक्त करने की शपथ दिलवाई। उन्होंने सिविल लाइन्स स्थित एक स्कूल में कहा कि किसी भी शहर में ऑड-ईवन हमेशा के लिए नहीं होता, प्रदूषण बढ़ने पर ही इसे लागू किया जाता है, हमारी सरकार इसे कम करने के लिये कदम उठा रही हैं।
प्रदूषण पर चर्चा के दौरान सीएम अरविंद केजरीवाल ने कहा कि 1-15 जनवरी तक ऑड ईवन फॉर्मूला लागू किया जा रहा हैं और बच्चों को अपने माता-पिता को ऑड ईवन फॉलो करने के लिए मनाना चाहिये क्योंकि यह हमारी हैल्थ के लिए जरूरी है। ये सोचकर इन नियमों का पालन करें। उन्होंने ये भी कहा कि कूड़ा जलाने वालों पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी साथ ही कंस्ट्रक्शन करने वालों को जिम्मेदारी से काम करने की नसीहत दी।
गौरतलब है कि 1 से 15 जनवरी तक दिल्ली में ऑड ईवन फॉर्मूला लागू हो रहा है। दिल्ली पुलिस और सिविल डिफेंस वर्कर मिलकर रिहर्सल भी करेंगे ताकि 1 जनवरी से लागू होने वाले ऑड-ईवन फॉर्मूले के दौरान कोई दिक्कत न हो। गुरुवार को ऑड-ईवन का ट्रायल होगा, जो सुबह 9 बजे से लेकर 11 बजे तक चलेगा। ट्रायल के दौरान कोई जुर्माना नहीं लगेगा। इस दौरान वॉलंटियर ट्रैफिक पुलिस के साथ मिलकर काम करेंगे।