1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. विपक्षी सांसद आज करेंगे कैराना और कांधला का दौरा

विपक्षी सांसद आज करेंगे कैराना और कांधला का दौरा

 Written By: India TV News Desk
 Published : Jun 16, 2016 07:46 am IST,  Updated : Jun 16, 2016 08:18 am IST

विभिन्न विपक्षी दलों के सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल आज (गुरुवार) को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कांधाला और कैराना का दौरा करेगा।

Kairana, UP- India TV Hindi
Kairana, UP

नई दिल्ली: विभिन्न विपक्षी दलों के सांसदों का एक प्रतिनिधिमंडल आज (गुरुवार) को पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कांधाला और कैराना का दौरा करेगा जहां भारतीय जनता पार्टी के नेताओं ने 'भारी संख्या में हिन्दुओं के पलायन' का आरोप लगाया है। इस प्रतिनिधिमंडल में जनता दल युनाइटेड के के. सी. त्यागी, मार्क्‍सवादी कम्युनिस्ट पार्टी के मोहम्मद सलीम, भारतीय कम्युनिस्ट पार्टी के डी. राजा, राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी के डी. पी. त्रिपाठी और राष्ट्रीय जनता दल के मनोज झा और अन्य सांसद होंगे।

जदयू के नेता के. सी. त्यागी ने कहा कि प्रतिनिधिमंडल समाज के सभी वर्गो से बात करेगा और कैराना में एक सभा भी आयोजित की जाएगी। त्यागी ने कहा, "हम सभी भाजपा अध्यक्ष अमित शाह के कैराना से भारी संख्या में कथित पलायन को राष्ट्रीय स्तर पर उठाने के बयान की कड़ी शब्दों में निंदा करते हैं। इस बयान से पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भय और तनाव का माहौल पैदा हो गया है।"

जदयू नेता ने आरोप लगाया कि उन्होंने (भाजपा ने) गुजरात में गोधरा (दंगों से) और मुजफ्फरनगर (दंगों) से मिली जीत का 'स्वाद चख लिया' है और दक्षिणपंथी ताकतें इसे ही उत्तर प्रदेश में 2017 में होने वाले विधानसभा चुनावों में दोहराना चाहती हैं। उन्होंने ये भी आरोप लगाया कि भाजपा उत्तर प्रदेश के कुछ हिस्सों में अराजकता का लाभ उठाते हुए फिर से सांप्रदायिक कार्ड खेलने की कोशिश कर रही है।

ग़ौरतलब है कि भाजपा सांसद हुकुम सिंह ने दावा किया था कि शामली जिले के मुस्लिम बहुत कैराना शहर से भारी संख्या में हिन्दू परिवारों का पलायन हुआ है हालांकि मंगलवार को उन्होंने अपने पहले के बयान पर कहा कि यह सांप्रदायिक मामला नहीं है बल्कि कानून-व्यवस्था की समस्या है।

उन्होंने 63 लोगों की एक दूसरी सूची जारी की जिनके कांधला से पलायन की बात कही गई है। इसके पहले बुधवार को भाजपा का नौ सदस्यीय दल ने कैराना का दौरा किया था। दल ने हिंदुओं के कथित पलायन का जायज़ा लिया और जल्द ही अपनी रिपोर्ट केंद्र को सौंपेगा।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत