नई दिल्ली: दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने सोमवार को कहा कि राष्ट्रीय राजधानी में कार्यक्रमों के आयोजन की प्रक्रिया को सरल किया जाएगा, जिसका राजधानी में काम करने वाली इवेंट कंपनियों को लाभ मिलेगा।
इवेंट एंड एंटरटेनमेंट मैनेजमेंट एसोसिएशन (ईईएमए) के एक प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री से शिकायत की थी कि राजधानी में लाल फीताशाही के अनावश्यक हस्तक्षेप के कारण अनेक कार्यक्रम अब दिल्ली के पड़ोसी इलाकों नोएडा एवं गुड़गांव में आयोजित कराने को तरजीह दी जाने लगी है।
केजरीवाल ने प्रतिनिधिमंडल दल से कहा, "हम प्रक्रिया का सरलीकरण करेंगे और राज्य सरकार से अनुमति प्राप्त करने के लिए एकल खिड़की प्रणाली शुरू करेंगे। हम यह भी सुनिश्चित करेंगे कि कार्यक्रमों के आयोजन की अनुमति प्राप्त करने के लिए आपको रिश्वत न देना पड़े।"
केजरीवाल ने कहा कि पूरी प्रक्रिया को आसान बनाने के लिए वह संबद्ध सभी विभागों से बात करेंगे। उन्होंने कहा, "हम दिल्ली को कार्यक्रमों के आयोजन के लिए सबसे पसंदीदा जगह बनाना चाहते हैं।"
इवेंट मैनेजरों ने शिकायत की कि किसी कार्यक्रम में 20 से 30 फीसदी टिकटें पास के रूप में वीआईपी हस्तियों को देनी पड़ती हैं, जिसके कारण उन्हें घाटा सहना पड़ता है।
इस पर केजरीवाल ने कहा कि निशुल्क पास के लिए आने वाले अनुरोधों पर ध्यान न दें।
केजरीवाल ने कहा, "दिल्ली सरकार को किसी कार्यक्रम के लिए कोई पास नहीं चाहिए।"