नई दिल्ली: देश में कृषि क्षेत्र के संकट को रेखांकित करने के अपने प्रयास के तहत कांग्रेस उपाध्यक्ष राहुल गांधी महाराष्ट्र के विदर्भ क्षेत्र में गुरुवार को पदयात्रा करेंगे और किसानों से मुलाकात करेंगे। पार्टी के प्रवक्ता विजय इंदर सिंह ने आईएएनएस से कहा कि राहुल गांधी अमरावती जिला मुख्यालय से लगभग 50 किलोमीटर दूर गंज गांव में सुबह 7.45 बजे अपनी पदयात्रा शुरू करेंगे। अपनी 15 किलोमीटर लंबी पदयात्रा के दौरान राहुल गांधी किसानों और उनके परिवार से मुलाकात करेंगे।
पार्टी के एक अन्य अधिकारी ने कहा कि इस पदयात्रा का उद्देश्य उस क्षेत्र के किसानों से मुलाकात करना है, जहां पर कई लोग बढ़ते कर्ज के कारण आत्महत्या कर चुके हैं।
राहुल गांधी के साथ इस दौरान महाराष्ट्र प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अशोक चव्हाण और कांग्रेस विधायक दल के नेता राधाकृष्ण विखे पाटिल सहित कई अन्य नेता मौजूद रहेंगे।