1. Hindi News
  2. भारत
  3. राजनीति
  4. श्री श्री रविशंकर के कार्यक्रम को लेकर राज्य सभा में हंगामा

श्री श्री रविशंकर के कार्यक्रम को लेकर राज्य सभा में हंगामा

 Written By: Bhasha
 Published : Mar 09, 2016 02:13 pm IST,  Updated : Mar 09, 2016 02:13 pm IST

यमुना नदी के खादर में आर्ट ऑफ लीविंग फाउंडेशन द्वारा आयोजित किए जा रहे एक निजी कार्यक्रम को लेकर आज राज्यसभा में विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण बैठक को शून्यकाल समाप्त होने से ठीक पहले दो मिनट के लिए स्थगित करना पड़ा।

ravishankar- India TV Hindi
ravishankar

नई दिल्ली: यमुना नदी के खादर में आर्ट ऑफ लीविंग फाउंडेशन द्वारा आयोजित किए जा रहे एक निजी कार्यक्रम को लेकर आज राज्यसभा में विपक्षी सदस्यों के हंगामे के कारण बैठक को शून्यकाल समाप्त होने से ठीक पहले दो मिनट के लिए स्थगित करना पड़ा। बैठक शुरू होने पर जदयू के शरद यादव और कांग्रेस के गुलाम नबी आजाद ने यह मुद्दा उठाया और सरकार से इस पर तत्काल रोक लगाने की मांग की।

सदन के नेता और वित्त मंत्री अरूण जेटली ने इस मुद्दे को उठाये जाने पर सवाल उठाते हुए कहा कि इस मुद्दे पर चर्चा यहां होनी चाहिए या राष्ट्रीय हरित अधिकरण में होनी चाहिए। उन्होंने कहा नियम 169 में साफ कहा गया है कि अगर कोई मामला अदालत में या न्यायाधिकरण में लंबित हो तो उसे सदन में नहीं उठाया जा सकता।

जेटली की इस बात पर असंतोष जताते हुए कांग्रेस, सपा, माकपा और जदयू सदस्य आसन के समक्ष आ कर नारे लगाने लगे। उप सभापति पी जे कुरियन ने आसन के समक्ष हंगामा कर रहे सदस्यों से बार बार आग्रह किया कि वे अपने स्थानों पर लौट जाएं और शून्यकाल चलने दें।

उन्होंने कहा कि सदन को बाधित करने का क्या औचित्य है। यह सही नहीं है। हंगामे के बीच ही शरद यादव ने जेटली के तर्क के जवाब में एक अन्य नियम का हवाला दिया और कहा कि वह सदन को गुमराह कर रहे हैं। कुरियन ने हंगामे के बीच ही शून्यकाल को आगे बढ़ाया।

इस दौरान अन्नाद्रमुक सदस्यों ने अपना मुद्दा उठाया और सरकार से तत्काल हस्तक्षेप की मांग करते हुए वे आसन के समक्ष आ गए। कुरियन ने हंगामा कर रहे सदस्यों से कहा आप लोग हास्य का पात्र बन रहे हैं।

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। Politics से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें भारत।