नई दिल्ली: आम आदमी पार्टी के पूर्व मंत्री संदीप कुमार को एक कोर्ट ने 14 दिन की जूडिशल कस्टडी में भेज दिया। विवादित वीडियो में संदीप के दिखने वाली एक महिला की शिकायत पर पुलिस ने उन्हें रेप के आरोप में अरेस्ट किया था। पुलिस हिरासत की समय-सीमा खत्म होने पर संदीप को शुक्रवार को कोर्ट में पेश किया गया, जहां से विशेष न्यायाधीश पूनम चौधरी ने उन्हें 23 सितंबर तक 14 दिन की जूडिशल कस्टडी में भेज दिया।
पुलिस ने कोर्ट से कहा कि आरोपी को हिरासत में रखकर पूछताछ की जरूरत नहीं है। इससे पहले उत्तरी दिल्ली के सुल्तानपुरी थाने में एक महिला ने कुमार के खिलाफ यौन शोषण का आरोप लगाते हुए शिकायत दर्ज कराई थी, जिसके बाद बीते शनिवार को आम आदमी पार्टी में समाज कल्याण और महिला एवं बाल विकास मंत्री रहे संदीप कुमार को गिरफ्तार कर लिया गया।
संदीप कुमार के खिलाफ आईपीसी की धारा 376 (रेप) और 328 (आपराधिक भावना से जहर के जरिए क्षति पहुंचाने) के तहत मामला दर्ज किया गया है। पूर्व मंत्री पर सूचना इंफॉर्मेशन टेक्नॉलजी की धारा 67ए के तहत भी मामला दर्ज किया गया है। महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया है कि राजधानी के सुल्तानपुरी इलाके में स्थित अपने ऑफिस कम रेजिडेंस कुमार ने उनका यौन शोषण किया था। महिला ने बताया था कि वह वहां राशन कार्ड बनवाने गई थीं।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कुमार ने उसे नशीली कोल्ड ड्रिंक पीने के लिए दी। महिला ने बताया कि कोल्ड ड्रिंक पीने के बाद उसे कुछ याद नहीं रहा। उसने कहा कि उसके साथ क्या हुआ था उसे कुछ याद नहीं है। दिल्ली पुलिस की एक टीम ने उस घर का इंस्पेक्शन किया जहां महिला ने आरोप लगाया था कि उसके साथ दुष्कर्म हुआ था।